इंदौर : 65 से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, DPC के व्यवहार से थे परेशान, कलेक्टर को सौंपा त्यागपत्र

इंदौर। जिला शिक्षा केंद्र (DPC) इंदौर में कार्यरत 65 से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों ने बुधवार को एक साथ सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इन सभी ने जिला परियोजना समन्वयक (DPC) संजय कुमार मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह और जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन को अपना इस्तीफा सौंपा है।
कर्मचारियों का आरोप है कि संजय कुमार मिश्रा का व्यवहार तानाशाही और अपमानजनक रहा है। वे लगातार मानसिक प्रताड़ना देते रहे, जिससे काम का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया था। अंततः सामूहिक इस्तीफे का फैसला लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
ये सभी कर्मचारी और अधिकारी जिला परियोजना समन्वयक संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में काम कर रहे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि मिश्रा का व्यवहार बेहद अनुचित था और वे लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। इस मानसिक प्रताड़ना के चलते काम करना मुश्किल हो गया था। कर्मचारियों ने अपनी परेशानी कई बार उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने एकजुट होकर सामूहिक इस्तीफे का फैसला लिया।
कलेक्टर और सीईओ को सौंपा इस्तीफा
इन सभी कर्मचारियों ने अपनी परेशानी को दर्शाते हुए इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह और जिला पंचायत के सीईओ सिद्धार्थ जैन को अपना इस्तीफा सौंपा है।
इस घटना के बाद जिला शिक्षा केंद्र के संचालन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों के इस्तीफे से शैक्षिक योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में बाधा आ सकती है।
(रिपोर्ट- हेमंत नागले)





















