Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन, हेमंत सोरेन ने जताया दुख; आज जमशेदपुर में होगा अंतिम संस्कार

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक जताया और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। अर्जुन मुंडा ने भावुक पोस्ट साझा कर मां को खोने का दर्द बयां किया। सोमवार को जमशेदपुर के स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन, हेमंत सोरेन ने जताया दुख; आज जमशेदपुर में होगा अंतिम संस्कार
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन हो गया।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से परिवार और राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर गहरा दुख जताया है। अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर मां को खोने का दर्द बयां किया। उन्होंने लिखा कि मां के जाने से उनके सिर से सिर्फ ममता का साया नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया है। जानकारी के मुताबिक, शायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ थीं। सोमवार, 23 नवंबर को जमशेदपुर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर हेमंत सोरेन ने जताया दुख

अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कीं। हेमंत सोरेन ने लिखा, 'बड़े भाई अर्जुन मुंडा की माता के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में अर्जुन मुंडा जी एवं उनके समस्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि मारांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।

प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे से नेपाल-भारत रिश्तों को मिलेगी नई ताकत! आज PM मोदी से होगी अहम मुलाकात

X Post

'मां के जाने से जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा छिन गया'

मां के निधन पर अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने अपने पोस्ट में मां को याद करते हुए लिखा, ''मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।'' उनके इस संदेश से मां के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव साफ नजर आया। एक बेटे के लिए मां का जाना कितना बड़ा दुख होता है, यह उनके शब्दों में महसूस किया जा सकता है। अर्जुन मुंडा ने यह भी बताया कि उनकी मां का अंतिम संस्कार सोमवार को ही किया जाएगा। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

X Post

जमशेदपुर में आज निकलेगी शायरा मुंडा की अंतिम यात्रा

जानकारी के मुताबिक, अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके स्वास्थ्य को लेकर दो दिन पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन मुंडा से फोन पर बातचीत की थी। राष्ट्रपति ने उनकी मां की तबीयत की जानकारी ली थी। सोमवार, 23 नवंबर को दोपहर 1 बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के आवास से शायरा मुंडा की अंतिम यात्रा निकलेगी। इसके बाद स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कौन हैं अर्जुन मुंडा?

अर्जुन मुंडा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ आदिवासी नेता हैं। वे झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। उनका जन्म 3 मई 1968 को जमशेदपुर में हुआ था। उनके पिता का नाम स्वर्गीय गणेश मुंडा और माता का नाम शायरा मुंडा था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जमशेदपुर से पूरी की। इसके बाद रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से समाजशास्त्र में पीजी डिप्लोमा हासिल किया। उनके परिवार में पत्नी मीरा मुंडा और तीन बेटे हैं।

बंगाल BJP विधायक रेखा पात्रा वेंटिलेटर पर, मेडिकल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि; स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे अस्पताल

अलग झारखंड आंदोलन से शुरू हुआ राजनीतिक सफर

अर्जुन मुंडा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1980 के दशक में अलग झारखंड राज्य की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन से की थी। उन्होंने शुरुआत में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के साथ अपनी राजनीतिक पारी शुरू की। साल 1995 में महज 27 साल की उम्र में वे खरसावां विधानसभा सीट से पहली बार बिहार विधानसभा के सदस्य चुने गए। साल 2000 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और खरसावां से दोबारा विधायक बने। 15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य बना। इसके बाद बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व वाली पहली सरकार में अर्जुन मुंडा को समाज कल्याण मंत्री बनाया गया। मार्च 2003 में बाबूलाल मरांडी के इस्तीफे के बाद अर्जुन मुंडा ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उस समय उनकी उम्र महज 35 साल थी।

तीन बार बने झारखंड के मुख्यमंत्री

अर्जुन मुंडा ने अपने राजनीतिक करियर में तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। उनका पहला कार्यकाल 2003 से 2005, दूसरा 2005 से 2006 और तीसरा कार्यकाल 2010 से 2013 तक रहा। इसके अलावा 2006 से 2009 के बीच उन्होंने झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई। राज्य की राजनीति के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई। साल 2009 में वे जमशेदपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। इसके बाद बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे।

मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्हें केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री बनाया गया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समुदायों के विकास से जुड़े मुद्दों पर काम किया। दिसंबर 2023 से जून 2024 तक उन्होंने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts