सेंट्रल जेल में कैदी पर हमला-खाना बांटने वाला डंका बना हथियार!

इंदौर। सेंट्रल जेल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी पर दूसरे कैदी ने खाना बांटने वाले डंके से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह डंका लेकर वापस लौटा और आते ही कैदी के सिर और नाक पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से घायल कैदी जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर वार्ड का संतरी और अन्य कैदी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर हमला रुकवाया। घटना के बाद घायल कैदी को जेल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद मेडिकल भी कराया गया। मामले में सेंट्रल जेल प्रबंधन की शिकायत पर एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी कैदी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैरक नंबर-2 के पास घूम रहा था कैदी
जेल अधिकारियों की शिकायत के मुताबिक, जूना पीठा निवासी शाकीर उर्फ मेडिकल, पिता नासिर, एनडीपीएस एक्ट के मामले में सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी है। शाकीर ने जेल प्रशासन को बताया कि वह बैरक नंबर-2 के पास घूम रहा था। इसी दौरान कैदी पुष्पेंद्र, पिता लक्ष्मी किशोर, वहां पहुंचा और बिना किसी स्पष्ट कारण के उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। शाकीर ने जब गालियां देने का विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि, पुष्पेंद्र वहां से चला गया। मामला उस समय शांत होता नजर आया, लेकिन कुछ देर बाद पुष्पेंद्र खाली हाथ नहीं, बल्कि खाना बांटने वाला डंका लेकर वापस लौटा।
संबंधित खबर: स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल जेल से 15 बंदियों की रिहाई, एक महिला भी शामिल
डंका लेकर लौटा और सिर-नाक पर बरसाए वार
आरोप है कि पुष्पेंद्र ने वापस आते ही शाकीर पर हमला बोल दिया। उसने डंके से शाकीर के सिर और नाक पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से शाकीर संभल नहीं सका और घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वार्ड के संतरी और आसपास मौजूद अन्य कैदी दौड़कर पहुंचे। उन्होंने पुष्पेंद्र को पकड़ लिया और शाकीर को उसके चंगुल से बचाया। इसके बाद जेल प्रशासन को घटना की जानकारी दी गई।
संबंधित खबर: दिल्ली ब्लास्ट का महू कनेक्शन – महू जेल से सिद्दकी को किया इंदौर सेंट्रल जेल शिफ्ट .. था जान का खतरा
हमले की वजह अब भी साफ नहीं
जेल प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती तौर पर गाली-गलौज को विवाद की वजह बताया जा रहा है, लेकिन पुष्पेंद्र ने आखिर शाकीर पर हमला क्यों किया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
संबंधित खबर: इंदौर सेंट्रल जेल में रोजा इफ्तारी : 20 महिला कैदियों के अलावा 200 कैदियों ने रखा है रोजा
15 दिन पहले जिला जेल में भी हुआ था हमला
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पहले इंदौर की जिला जेल में भी कैदी पर हमला हुआ था। वहां बंद सोनू उर्फ खरगोश पर दो कैदियों ने हमला किया था। सोनू खजराना क्षेत्र के बिल्डर मनोज नागर पर फायरिंग के आरोप में जेल में बंद था। बाद में यह बात सामने आई थी कि सोनू पर हमला करने के लिए सुपारी दिए जाने की बात सामने आई थी। हमले में चाइनीज चाकू के इस्तेमाल की चर्चा भी हुई थी। घटना के बाद हमलावर को जिला जेल से सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। हालांकि, जिला जेल प्रशासन ने चाइनीज चाकू से हमला होने की बात से इनकार किया था।



















