Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, 11 से ज्यादा सड़कें प्रभावित; घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के चलते दिल्ली में 11 से ज्यादा सड़कें प्रभावित रहेंगी। कहां होगा डायवर्जन, कौन-से मेट्रो स्टेशन से पहुंचना होगा आसान? जानें पूरा ट्रैफिक प्लान।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, 11 से ज्यादा सड़कें प्रभावित; घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 30 अक्टूबर को लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस कॉन्सर्ट के चलते आसपास की 11 से ज्यादा सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। ऐसे में अगर आप इन इलाकों से गुजरने वाले हैं या कॉन्सर्ट में शामिल होने जा रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें।

इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक का असर

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी और पांचवीं एवेन्यू रोड, CGO कॉम्प्लेक्स और JLN स्टेडियम के अंदरूनी रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक का रास्ता, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

8 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट के दौरान आठ प्रमुख डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं। इनमें से छह प्रमुख डायवर्जन इस प्रकार हैं-

लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड: इस रास्ते से आने वाले वाहनों को सीधे जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा। हालांकि, लोधी फ्लाईओवर रेड लाइट और ऑरोबिंदो मार्ग के बीच आवागमन जारी रहेगा।

लाला लाजपत राय मार्ग: यहां से JLN स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

सिप रोड से सोचना भवन: इस रास्ते से आने वाले वाहनों को भी लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा।

भीष्म पितामह मार्ग: यहां से स्टेडियम की रेड लाइट की ओर आने वाले वाहनों को गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर की तरफ जाने से रोका जाएगा। इन्हें मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की ओर भेजा जाएगा।

कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट: यहां से आने वाले वाहनों को स्टेडियम के गेट नंबर 3, 4, 5, 6 और 7 की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें चौथी एवेन्यू रोड से लोधी रोड और INA से अरबिंदो मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

लोधी कॉलोनी रोड: यहां से पांचवीं एवेन्यू रोड की ओर आने वाले वाहनों को भीष्म पितामह मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें लोधी रोड और चौथी एवेन्यू रोड से जोर बाग रोड की तरफ भेजा जाएगा।

diljit dosanjh

जरूरत पड़ने पर दो अतिरिक्त डायवर्जन

ट्रैफिक पुलिस ने दो अतिरिक्त डायवर्जन पॉइंट भी तैयार रखे हैं। कोटला मुबारकपुर के भीष्म पितामह मार्ग स्थित रेड लाइट से स्टेडियम की तरफ जाने वाले वाहनों को वर्मा मार्ग से लाला लाजपत राय मार्ग और यू-टर्न लेकर रिंग रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं, भीष्म पितामह मार्ग और लोधी रोड के टी-पॉइंट से स्टेडियम की तरफ जाने वाले वाहनों को आर्च बिशप मार्ग, लोधी फ्लाईओवर और अरबिंदो मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

मेट्रो से पहुंचने की सलाह, पार्किंग की सुविधा नहीं

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करने की सलाह दी है। एडवाइजरी के मुताबिक, वायलेट और येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं चालू रहेंगी।

वायलेट लाइन: यात्री JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पैदल पहुंचा जा सकता है।

येलो लाइन: यात्री INA मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। यहां से कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक कैब या ऑटो से पहुंचकर स्टेडियम के गेट नंबर 3, 6 और 8 तक जा सकते हैं।

कैब और ऑटो के लिए बनाए गए तीन पिकअप-ड्रॉप पॉइंट

  • कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के लिए कैब और ऑटो के तीन पिकअप-ड्रॉप पॉइंट तय किए गए हैं।
  • आर्च बिशप मार्ग से गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचा जा सकेगा।
  • लाल मस्जिद-प्रगति विहार से गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंच सकते हैं।
  • कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट से गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंचा जा सकेगा।

इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा जाएगा। लोगों से सड़क पर वाहन पार्क नहीं करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts