इंदौर में भावना सिंह हत्याकांड : पुलिस ने ग्वालियर से तीन आरोपी किए गिरफ्तार, शराब पार्टी के विवाद में हुई थी हत्या

इंदौर में हुए सनसनीखेज भावना सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों- आशु यादव, मुकुल यादव और उनकी महिला मित्र स्वस्ति राय को ग्वालियर बायपास से गिरफ्तार कर लिया है।
कसोल से भागने की फिराक में थे आरोपी
घटना के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश के कसोल में छिपे हुए थे, लेकिन पुलिस को जैसे ही उनके ठिकाने की जानकारी मिली, एक विशेष टीम को कसोल रवाना किया गया। पुलिस के दबाव को देखते हुए आरोपियों ने ग्वालियर की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उन्हें ग्वालियर बायपास से धर दबोचा।शराब पार्टी के दौरान विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा एप के जरिए भारत में ऑनलाइन सट्टा कारोबार चला रहे थे। घटना वाली रात, इंदौर के महालक्ष्मी नगर स्थित एक फ्लैट में आरोपी शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर मुकुल यादव ने भावना सिंह पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल भावना को आरोपी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।





















