मैं तुम्हें एक महीने पहले बता रहा हूं-मई में तुम्हें मुझसे मिलना ही होगा, महिला कर्मचारी ने खोली पोल

इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में स्थित एक नामी ऑटोमोबाइल शोरूम के ब्रांच मैनेजर की शर्मनाक करतूत सामने आई है। आरोप है कि मैनेजर ने अपनी ही अधीनस्थ महिला कर्मचारी को लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, अश्लील मैसेज भेजे और गलत तरीके से छूकर परेशान किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार तिलक नगर क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने थाने पहुंचकर आरोपी आनंद पिता ओमप्रकाश चौधरी निवासी सूर्यदेव नगर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
और पढ़ें: शोरूम की सातवीं मंजिल पर लगी आग: लाखों का नुकसान
नौकरी के बहाने केबिन में बुलाता था
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह Kasliwal Honda में नौकरी करती है। वहीं का ब्रांच मैनेजर आनंद चौधरी शुरुआत से ही उस पर गलत नजर रखता था। शिकायत के मुताबिक आरोपी अक्सर काम के बहाने उसे अपने केबिन में बुलाता था और अश्लील फोन कॉल तथा भद्दे मैसेज भेजकर लगातार परेशान करता था।
“मई में घर आना ही होगा”
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 16 फरवरी को आरोपी ने कार्यस्थल पर उसे गलत तरीके से छुआ। इस घटना के बाद वह बेहद डर गई थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने और नौकरी जाने के डर से उसने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया। आरोप है कि आरोपी उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर लगातार दबाव बनाता रहा। पीड़िता के मुताबिक आनंद चौधरी ने फोन पर धमकी भरे अंदाज में कहा कि मई महीने में उसके परिवार वाले घर पर नहीं रहेंगे और उसे उससे मिलने आना होगा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कहा - “मैं तुम्हें एक महीने पहले बता रहा हूं, मई में तुम्हें मुझसे मिलना ही होगा।”
और पढ़ें: बेलमोर्ट पार्क में भीषण आग: गार्ड ने देखा धुआं, कुछ ही देर में आग की लपटों में घिरा ऑफिस
डर और दबाव के बाद टूटा सब्र
लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव के बाद पीड़िता ने पूरी बात अपने परिवार को बताई। इसके बाद उसने तिलक नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।तिलक नगर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी ब्रांच मैनेजर आनंद चौधरी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
और पढ़ें: प्यार, पॉक्सो और ‘लव जिहाद’: मोनालिसा केस में नया ट्विस्ट












