इस्लामाबाद। अमृतसर से अहमदाबाद जा रही इंडिगो एयरलाइन की एक उड़ान खराब मौसम के कारण मार्ग भटककर पाकिस्तान में लाहौर के निकट चली गई। सुरक्षित रूप से भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर लौटने से पहले गुजरांवाला तक पहुंच गई थी। रविवार को स्थानीय मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है।
एयरलाइन की ओर से नहीं आया बयान
पाकिस्तान के एक प्रमुख अखबार की खबर में कहा गया है कि फ्लाइट रडार के अनुसार, 454 नॉट की गति से उड़ रहा भारतीय विमान ने शनिवार शाम करीब 7.30 बजे उत्तरी लाहौर में प्रवेश किया और रात 8 बजकर 1 मिनट पर भारत लौट आया। एयरलाइन की इस बारे में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है। खबर के अनुसार, नागर विमानन प्राधिकरण (सीएए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह असामान्य नहीं है, क्योंकि मौसम खराब होने की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय रूप से इसकी इजाजत होती है।
https://twitter.com/ANI/status/1667871593534750721
भारतीय हवाई क्षेत्र में भी घुसा था PIA का विमान
उल्लेखनीय है कि मई में पाकिस्तान में भारी बारिश होने के कारण पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन (पीआईए) का एक विमान भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया था और करीब 10 मिनट तक वह रहा था। विमान पीके 248 चार मई को मस्कट से लौट रहा था और उसे लाहौर में अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरना था। हालांकि, भारी बारिश के कारण बोइंग 777 विमान के पायलट के लिए ऐसा करना मुश्किल हो रहा था। इस बीच, पाकिस्तान में हवाई अड्डों पर खराब दृश्यता के कारण उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, या उनमें देरी हुई है।
लाहौर की कई उड़ानों को इस्लामाबाद भेजा
सीएए के प्रवक्ता ने कहा कि अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता 5,000 मीटर रहने के कारण लाहौर के लिए मौसम की चेतावनी की अवधि शनिवार रात साढ़े 11 बजे तक बढ़ा दी गई है। खराब दृश्यता के कारण लाहौर जाने वाली कई उड़ानों को इस्लामाबाद भेज दिया गया। पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश हुई।
अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…