Stock Market : शेयर बाजार जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1100 अंक उछला; GST पर पीएम मोदी के ऐलान से मार्केट गदगद

बिजनेस डेस्क। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार 18 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। सुबह बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी रॉकेट की तरह भागे और मिनटों में नए स्तरों पर पहुंच गए। तेजी का असर न सिर्फ लार्जकैप बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी देखने को मिला।
सेंसेक्स-निफ्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड
सुबह कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 800 अंकों की तेजी के साथ 81,350 पर पहुंच गया। शुरुआती मिनटों में ही इसने 1,100 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाते हुए 81,713 का स्तर छू लिया।
निफ्टी ने भी जोरदार प्रदर्शन किया और 260 अंक चढ़कर 24,900 तक पहुंचा। बाद में इसने 25,000 का आंकड़ा पार कर बाजार का उत्साह और बढ़ा दिया।
इन शेयरों ने दिखाई ताबड़तोड़ तेजी
ऑटो सेक्टर- सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। हीरो मोटोकॉर्प, मारुति सुजुकी, बजाज ऑटो, एम एंड एम और टाटा मोटर्स के शेयर 8% तक उछले।
फाइनेंस स्टॉक्स- बजाज फाइनेंस (6%), बजाज फिनसर्व (5%) और HDFC बैंक, ICICI बैंक जैसे प्राइवेट बैंक भी मजबूती में रहे।
अन्य दिग्गज- रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट में भी बढ़िया तेजी दिखी।
मिडकैप-स्मॉलकैप- NIACL, अशोक लेलैंड, व्हर्लपूल, ग्रीन पावर और IFB इंडिया जैसे शेयरों में 7-12% तक की बढ़त रही।
बाजार में तेजी की तीन बड़ी वजहें
GST सुधार की घोषणा – सरकार जीएसटी ढांचे में बड़ा बदलाव लाने जा रही है। 12% वाले ज्यादातर सामान अब 5% स्लैब में आ जाएंगे। मक्खन, जूस, ड्राय फ्रूट जैसे सामान सस्ते होने की उम्मीद है।
S&P की रेटिंग में सुधार – ग्लोबल रेटिंग एजेंसी ने भारत की लॉन्ग-टर्म क्रेडिट रेटिंग BBB- से बढ़ाकर BBB कर दी है। इससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ।
अंतरराष्ट्रीय माहौल – अमेरिका और रूस के बीच बातचीत से तनाव घटा और ट्रम्प टैरिफ को लेकर राहत के संकेत मिले। इसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखा।
निवेशकों की जेब हुई भारी
सोमवार सुबह के कारोबार में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5.77 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया। इसका सीधा फायदा निवेशकों को मिला।
ग्लोबल बाजार का असर
एशियाई बाजारों में जापान, चीन और हांगकांग के इंडेक्स हरे निशान में रहे। अमेरिका के बाजार भी पिछले हफ्ते मजबूती के साथ बंद हुए थे, जिससे भारतीय बाजार को भी सकारात्मक संकेत मिले।
दिवाली से पहले बाजार में रौनक
जीएसटी सुधार और क्रेडिट रेटिंग में बढ़ोतरी ने सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में उत्साह भर दिया। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में निवेशकों को और तेजी देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: कर सुधारों का मसौदा राज्यों को भेजा, इसे दीपावली तक लागू करने में मदद करें राज्य सरकारें : मोदी



















