उज्बेकिस्तान मे भारतीय छात्रा की मौत :परिवार ने लगाया धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना का आरोप, केरल में मर्डर केस दर्ज

उज्बेकिस्तान में 22 वर्षीय भारतीय मेडिकल छात्रा की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। छात्रा के परिवार की शिकायत पर केरल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था और हत्या से पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
परिवार की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का केस
छात्रा की मौत के करीब एक सप्ताह बाद केरल के हरिपाड पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। परिवार ने अलप्पुझा जिला पुलिस प्रमुख से शिकायत की थी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। जांच के तहत अलप्पुझा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम भी कराया गया।
उज्बेकिस्तान में हुई घटना, फिर भी केरल पुलिस करेगी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध विदेश में होने के बावजूद भारतीय कानून के तहत केरल पुलिस मामला दर्ज कर सकती है। यदि उज्बेकिस्तान में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी होती है तो केस बंद किया जा सकता है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर केरल पुलिस आगे जांच करेगी।
भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से मांगी जाएगी जानकारी
केरल पुलिस ने कहा है कि वह भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय के जरिए उज्बेकिस्तान की जांच एजेंसियों से संपर्क करेगी। वहां दर्ज केस और आरोपी के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी जुटाई जाएगी। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी को उज्बेकिस्तान में हिरासत में लिया जा चुका है।
परिवार ने शुरुआती जांच पर उठाए सवाल
परिवार ने उस दावे को खारिज किया है कि छात्रा की मौत सिर पर लैपटॉप से वार करने के कारण हुई। परिजनों का कहना है कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे, जो लंबे समय तक प्रताड़ित किए जाने की ओर इशारा करते हैं। उनका दावा है कि उज्बेकिस्तान के जांच अधिकारियों ने भी उन्हें बताया कि छात्रा को मौत से पहले यातनाएं दी गई थीं।
ये भी पढ़ें: स्पेन के अल्मेरिया में जंगल की आग से तबाही : 12 की मौत, सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला गया
धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि आरोपी, जो उज्बेकिस्तान में उसी मेडिकल कॉलेज का छात्र और केरल के मलप्पुरम का रहने वाला है, छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। उनका कहना है कि कई छात्रों ने भी आरोपी को छात्रा पर ऐसा दबाव बनाते देखा था।












