Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मजबूत टीम संयोजन तैयार करने उतरेगा भारत

इंग्लैंड के साथ वनडे सीरीज का पहला मैच आज, रोहित-विराट पर नजर
Follow on Google News
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मजबूत टीम संयोजन तैयार करने उतरेगा भारत

नागपुर। भारत गुरुवार से यहां इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला में चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उचित टीम संयोजन तैयार करना चाहेगा जिसमें कुछ शीर्ष खिलाड़ियों की फॉर्म और फिटनेस पर भी नजर रहेगी। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और उनके प्रदर्शन पर सभी की निगाह रहेगी।

यह दोनों स्टार खिलाड़ी पिछले महीने रणजी ट्रॉफी में भी खेले थे लेकिन उसमें भी असफलता ही उनके हाथ लगी थी। अब वह उस प्रारूप में वापसी करेंगे जिसमें उन्होंने वर्षों तक अपना दबदबा बनाए रखा था। इन दोनों खिलाड़ियों ने वनडे विश्व कप 2023 में अच्छा प्रदर्शन किया था। कोहली ने जहां इस टूर्नामेंट में 765 रन बनाए थे वहीं रोहित ने 597 रन का योगदान दिया था। विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद यह दोनों खिलाड़ी श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच की वनडे श्रृंखला में खेले थे। रोहित ने इस श्रृंखला में दो अर्धशतक लगाए थे जबकि कोहली कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।

इन दोनों का लचर प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में भी जारी रहा जिससे उनके भविष्य को लेकर अटकलबाजी शुरू हो गई। इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला पाकिस्तान और दुबई में 19 फरवरी से शुरू वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत की अंतिम प्रतियोगिता होगी जो टी20 विश्व कप के बाद खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास लेने वाले रोहित और कोहली के करियर के लिए भी निर्णायक साबित होगी। टीम के लिए कुछ खिलाड़ियों की फॉर्म चिंता का विषय है।

रोहित ने कहा, वनडे सीरीज और चैंपियन्स ट्रॉफी पर ध्यान

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने भविष्य के बारे में अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसे समय में उनके करियर के बारे में बात करना अप्रासंगिक है जब उनका ध्यान इंग्लैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मुकाबलों और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पर है। भारत 19 फरवरी से शुरू हो रही चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी इंग्लैंड के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैच की श्रृंखला के साथ करेगा जिसका पहला मैच गुरुवार को यहां खेला जाएगा। रोहित ने कहा, जब तीन एकदिवसीय और चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है तो मेरे लिए अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में बात करना कितना प्रासंगिक है। (मेरे भविष्य पर) खबरें कई वर्षों से चल रही हैं और मैं उन खबरों पर स्पष्टीकरण देने के लिए यहां नहीं हूं।'' भारतीय कप्तान ने कहा, मेरे लिए तीन मैच व चैंपियंस ट्रॉफी बहुत महत्वपूर्ण हैं।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), हैरी ब्रूक, बेन डकेट, जो रूट, फिलिप साल्ट, जेमी स्मिथ, जैकब बेथेल, ब्रायडन कार्स, लियाम लिविंगस्टोन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद, मार्क वुड। (मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।)

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts