PlayBreaking News

फूलों से सजी कार में बैठे दूल्हे की गोली मारकर हत्या, दुल्हन के रिश्तेदार पर आरोप

जौनपुर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं जब फूलों से सजी कार में बैठे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में दुल्हन के रिश्तेदार का नाम सामने आया है। आरोपियों पर इनाम घोषित, कई टीमें तलाश में जुटी हैं।
Follow on Google News
दुल्हन के रिश्तेदार पर आरोप

उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने शादी जैसे खुशी के मौके को खौफनाक मंजर में बदल दिया। जिस कार में बैठकर दूल्हा अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करने जा रहा था, वही कार कुछ ही पलों में उसकी मौत का कारण बन गई। फूलों से सजी गाड़ी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और बारात की रौनक सब कुछ अचानक गोलियों की आवाज में बदल गया। दूल्हे आजाद बिंद की बीच रास्ते गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस साजिश के पीछे दुल्हन का ही एक रिश्तेदार बताया जा रहा है।

खुशियों के बीच घात लगाए बैठे थे हमलावर

जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़अउर गांव निवासी आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय हुई थी। शुक्रवार रात पूरे धूमधाम के साथ बारात निकली थी। दूल्हा सजी-धजी कार में बैठा था और पीछे-पीछे बाराती चल रहे थे। लेकिन घर से करीब पांच किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे पर पहले से घात लगाए हमलावर इंतजार कर रहे थे। जैसे ही कार उस जगह पहुंची, बाइक सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली कार की विंडशील्ड को चीरते हुए सीधे आजाद के सीने में जा लगी, जबकि दूसरी गोली उसके जबड़े को घायल करती हुई निकल गई। कुछ ही सेकंड में खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और हमलावर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई जिंदगी की डोर

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल आजाद को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया।

Breaking News

दो दिन पहले ही मिली थी धमकी

पुलिस जांच में सामने आया कि दुल्हन का रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से खुश नहीं था। उसने दो दिन पहले ही दूल्हे को शादी न करने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दुल्हन को भी पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान दुल्हन ने बताया कि प्रदीप इस रिश्ते का विरोध कर रहा था और उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। उस पर जनवरी 2025 में गोपाल शर्मा की सुपारी देकर हत्या कराने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लाखों रुपये लेकर उस वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था।

फरार आरोपियों पर इनाम, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और उसके साथी रवि यादव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। तीसरे आरोपी भोला राजभर की भी तलाश जारी है। जौनपुर पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जौनपुर के एसपी कुंवर सिंह ने कहा कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दुल्हन के रिश्तेदार ने शादी से नाराज होकर इस घटना को अंजाम दिया। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

दूल्हे के शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों की टीम ने वीडियोग्राफी के साथ किया। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि आजाद को दो गोलियां लगी थीं। एक गोली पीठ से होते हुए सीने में फंस गई थी, जबकि दूसरी गोली जबड़े को चीरते हुए बाहर निकल गई।

ये भी पढ़ें: हैवानियत की हद पार: शक में अंधे पति ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट में डाला मिर्च पाउडर, पाइप से पीटा

खुशियों का घर बना मातम का मंजर

शनिवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच आजाद का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार अब भी सदमे में है और इंसाफ की मांग कर रहा है। वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts