IND Vs AFG पहला टी-20 आज : मोहाली में होगा भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला, नहीं खेलेंगे कोहली-राशिद; जानें संभावित प्लेइंग-11

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज मोहाली में खेला जाएगा। नए साल यानी 2024 में पहली बार टीम इंडिया घरेलू मैदान पर उतरेगी। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के IS बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाने वाला यह मुकाबला शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। टीम में करीब 11 महीने बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हो रही है। हालांकि, पारिवारिक कारणों के चलते पहले टी-20 में विराट कोहली नहीं खेलेंगे।
राशिद भारत के खिलाफ सीरीज से बाहर
अफगानिस्तान की टीम भारत के खिलाफ गुरुवार से यहां शुरू हो रही टी-20 सीरीज में अपने ट्रंप कार्ड राशिद खान के बिना ही खेलेगी, लेकिन कप्तान इब्राहिम जदरान को टीम से अपने मजबूत प्रारूप में अच्छे प्रदर्शन उम्मीद है। वनडे विश्व कप के बाद नवंबर में राशिद ने पीठ की सर्जरी कराई थी, उन्हें टीम में शामिल किया गया था लेकिन वह रिहैबिलिटेशन के कारण तीनों मैच में उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। जदरान ने मैच पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि वह पूरी तरह से फिट नहीं है। हमें सीरीज में उनकी कमी खलेगी। राशिद की अनुपस्थिति में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर हमें भरोसा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास काफी खिलाड़ी हैं जैसे मुजीब जदरान जो काफी क्रिकेट खेल चुके हैं। हमें उन पर पूरा भरोसा है। राशिद के बिना हमें परेशानी होगी, लेकिन हमें किसी भी तरह के हालात के लिए तैयार रहना चाहिए। भारत में वनडे विश्व कप में अफगानिस्तान का प्रदर्शन सुर्खियों में रहा था। टीम लीग चरण में गत चैम्पियन इंग्लैंड और पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई थी।टी-20 सीरीज का शेड्यूल
- पहला टी-20 : 11 जनवरी, मोहाली, शाम 7 बजे से
- दूसरा टी-20 : 14 जनवरी, इंदौर, शाम 7 बजे से
- तीसरा टी-20 : 17 जनवरी, बेंगलुरु, शाम 7 बजे से




















