इंदौर में लॉरेंस गैंग की फायरिंग के बाद बड़ा खुलासा, रियल एस्टेट कारोबारी गोधा का ₹2.60 करोड़ का विदेशी कनेक्शन उजागर!

इंदौर। गोधा एस्टेट गोलीकांड ने शहर के बिल्डर कारोबार और अपराध जगत के बीच चल रहे कथित धमकी के खेल की परतें उधेड़नी शुरू कर दी हैं। बिल्डर मनीष गोधा को निशाना बनाकर की गई फायरिंग के बाद जांच एजेंसियों के हाथ एक ऐसा पुराना मामला लगा है, जिसने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। जांच में 2 करोड़ 60 लाख रुपए के USDT क्रिप्टो ट्रांजैक्शन का नेपाल से दुबई तक कनेक्शन सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि बिल्डर को करीब 10 महीने पहले भी धमकी मिली थी, लेकिन उस वक्त शिकायत पर ठोस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब पुलिस इसी पुराने घटनाक्रम को ताजा गोलीकांड से जोड़कर देख रही है।
करोड़ों की क्रिप्टोकरेंसी का खेल, नेपाल बना दुबई पहुंचने का रास्ता!
जांच में सामने आया है कि पिछले करीब छह महीनों से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे लोग इंदौर के बिल्डरों को निशाने पर ले रहे हैं। बदमाश पहले कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखते हैं, उनकी रेकी करते हैं और फिर विशेष मोबाइल ऐप के जरिए विदेशी नंबरों से धमकियां देते हैं।इसी सिलसिले में भोपाल एसटीएफ की जांच में मनीष गोधा से जुड़ा 2 करोड़ 60 लाख रुपए का USDT ट्रांजैक्शन सामने आया। जानकारी के मुताबिक, यह रकम नेपाल के रास्ते दुबई ट्रांसफर की गई थी। एसटीएफ की टीम जांच करते हुए दुबई के मोबाइल नंबरों तक भी पहुंची थी। इन नंबरों के जरिए रकम दूसरे विदेशी खातों में भेजे जाने के संकेत मिले थे।हालांकि, बिल्डर की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराने के कारण जांच एजेंसी इस मामले में आगे की कार्रवाई नहीं कर सकी। उस समय क्राइम ब्रांच ने भी जांच को आगे नहीं बढ़ाया। अब गोलीकांड के बाद यही पुराना क्रिप्टो ट्रांजैक्शन जांच का महत्वपूर्ण सिरा बन गया है।
संबंधित खबर: इंदौर में फायरिंग के बाद शूटरों का शातिर खेल! कपड़े बदलकर बाइक से फरार, पुलिस के हाथ अब तक खाली
10 महीने पहले मिली थी धमकी, फिर क्यों थम गई कार्रवाई?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल 10 महीने पुरानी धमकी को लेकर खड़ा हो रहा है। जांच अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मनीष गोधा को पहले भी धमकी मिल चुकी थी। उन्होंने शिकायत की थी, लेकिन बाद में खुद ही मामले में आगे कार्रवाई कराने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।इसका फायदा किसे मिला और धमकी देने वाले कौन थे, इसका जवाब अब तक नहीं मिल सका है। यदि उस समय शिकायत पर गंभीरता से जांच आगे बढ़ती तो क्या मौजूदा गोलीकांड से जुड़े कुछ सुराग पहले ही मिल सकते थे? फिलहाल एसआईटी पुराने मामले की कड़ियां खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 300 पार, अगले 6 दिन राहत के आसार नहीं
हेलमेट पहनकर पहुंचे शूटर, छह से ज्यादा गोलियां दागकर भागे
गांधी नगर थाना क्षेत्र के गोधा एस्टेट में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई थी। हेलमेट पहने एक बदमाश पिस्टल लेकर पहुंचा और छह से ज्यादा राउंड फायर कर मौके से फरार हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।घटना के बाद एफएसएल, क्राइम ब्रांच, भोपाल एटीएस और इंदौर एसटीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल का मुआयना किया गया और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर अब क्राइम ब्रांच की एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है।
काले कपड़ों ने बिगाड़ा पुलिस का खेल, टोल नाकों पर भी तलाश
शूटरों तक पहुंचने के लिए एसआईटी ने शहर के प्रमुख रास्तों से लेकर आसपास के जिलों तक सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जांच टीम उज्जैन के टोल नाकों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ऐसा फुटेज हाथ नहीं लगा, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए काले कपड़े पहन रखे थे। हेलमेट और कपड़ों के कारण उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हो सके। अब पुलिस मोबाइल डेटा, संदिग्ध विदेशी नंबरों और दूसरे जिलों की पुलिस से मिले इनपुट को जोड़कर शूटरों का नेटवर्क तलाश रही है।
ये भी पढ़ें: मप्र पुलिस अधिकारियों के तबादले; 26 अफसरों की हुई नई पदस्थापना, कई SDOP और ACP बदले
पेशेवर गैंग की दस्तक के संकेत, तीन मोर्चों पर जांच
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को वारदात का तरीका किसी पेशेवर गिरोह की कार्यशैली जैसा लग रहा है। एसआईटी फिलहाल तीन प्रमुख पहलुओं पर काम कर रही है। शूटरों की पहचान, उनकी लोकेशन और फायरिंग के पीछे की साजिश। बिल्डर से पूछताछ में क्या जानकारी मिली और पुराने क्रिप्टो ट्रांजैक्शन का गोलीकांड से कोई सीधा संबंध है या नहीं, इस पर अधिकारी फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं।




















