Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

स्पीकर पद के लिए तेदेपा प्रत्याशी उतारे तो समर्थन जुटाने का प्रयास करेगा विपक्ष

अब लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक खींचतान शुरू
Follow on Google News
स्पीकर पद के लिए तेदेपा प्रत्याशी उतारे तो समर्थन जुटाने का प्रयास करेगा विपक्ष

मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि अगर सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार खड़ा करती है तो विपक्षी गठबंधन इंडिया के सभी सहयोगी उसके लिए समर्थन सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे। राउत ने यहां पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव महत्वपूर्ण होगा और अगर भाजपा को यह पद मिलता है तो वह सरकार का समर्थन करने वाले दलों तेदेपा, जदयू तथा चिराग पासवान और जयंत चौधरी के राजनीतिक संगठनों को तोड़ देगी। उन्होंने दावा किया, हमें अनुभव है कि भाजपा उन लोगों को धोखा देती है जो उसका समर्थन करते हैं। मैंने सुना है कि तेदेपा अपना उम्मीदवार खड़ा करना चाहती है। अगर ऐसा होता है, तो इंडिया गठबंधन के सहयोगी इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि विपक्षी गठबंधन के सभी सहयोगी तेदेपा को समर्थन दें। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि नियम के मुताबिक विपक्ष को उपाध्यक्ष का पद मिलना चाहिए।

पीएम राजग के नेता चुने गए हैं, भाजपा के नहीं

लोकसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुछ नेताओं द्वारा भाजपा के बारे में दिए गए हालिया बयानों के बारे में पूछे जाने पर राउत ने कहा कि अगर आरएसएस अतीत की गलतियों को सुधारना चाहता है तो यह अच्छा है। उन्होंने कहा, हम घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। राउत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक में नेता चुना गया था, न कि भाजपा संसदीय दल की बैठक में। उन्होंने कहा, भाजपा संसदीय दल की बैठक नहीं हुई। अगर भाजपा संसदीय दल की बैठक में नेतृत्व का मुद्दा आता तो नतीजे अलग हो सकते थे। इसलिए राजग संसदीय दल की बैठक में मोदी को नेता चुना गया। यह गंभीर मामला है।

बीजेपी एनडीए गठबंधन की बड़ी पार्टी है, स्पीकर पद पर पहला हक उसी का है : केसी त्यागी

जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता केसी त्यागी का कहना है कि लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के पद पर पहला अधिकार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का है। केसी त्यागी ने एक समाचार एजेंसी से कहा, लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) का पद सदन का सबसे महत्वपूर्ण पद है। इस पर पहला हक सत्ताधारी दल का होता है। लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) पद को लेकर इंडिया गठबंधन की मांग आपत्तिजनक है। इस पद पर भारतीय जनता पार्टी या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का पहला हक है। हमारी पार्टी का मानना है कि बीजेपी गठबंधन की बड़ी पार्टी है और इसका अधिकार पहला है। केसी त्यागी ने कहा, हम 35 साल से एनडीए गठबंधन का हिस्सा हैं। हमारी पार्टी को तोड़ने जैसा प्रयास एक बार भी नहीं हुआ है। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और जेडीयू की भूमिका निर्णायक है। हम गठबंधन को तोड़ने का प्रयास नहीं करेंगे। कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के नेता लगातार अपील कर रहे हैं कि स्पीकर पद पर टीडीपी और जेडीयू को दावा पेश करना चाहिए। विपक्षी दलों का मानना है कि स्पीकर पद बीजेपी के पास जाता है तो वो उस पद का फायदा उठाकर विपक्षी दलों के सांसद तोड़ सकती है।

अचानक खड़गे से मिलने पहुंचे रिजिजु

नई दिल्ली। लोकसभा का पहला सत्र शुरू होने से पहले संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू रविवार शाम अचानक राज्यसभा में विपक्ष के नेता तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। रिजिजु ने खड़गे से उनके यहां 10 राजाजी स्थित आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा जिसमें दो दिन तक नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी और फिर 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। समझा जाता है कि दोनों नेताओं ने लोकसभा में अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भी बातचीत में विचार विमर्श किया।

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts