Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IAEA की रिपोर्ट में खुलासा : ईरान परमाणु बम बनाने के करीब, यूरेनियम का स्टॉक खतरनाक स्तर पर पहुंचा, इजराइल ने जताई सख्त आपत्ति

Follow on Google News
IAEA की रिपोर्ट में खुलासा : ईरान परमाणु बम बनाने के करीब, यूरेनियम का स्टॉक खतरनाक स्तर पर पहुंचा, इजराइल ने जताई सख्त आपत्ति
तेहरान/न्यूयॉर्क। ईरान का परमाणु कार्यक्रम एक बार फिर वैश्विक चिंता का कारण बन गया है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) की एक गोपनीय रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान ने 60% तक शुद्ध यूरेनियम का स्टॉक 408.6 किलो तक पहुंचा दिया है, जो हथियार बनाने के बेहद करीब मानी जाने वाली स्थिति है। रिपोर्ट में फरवरी से मई के बीच इस स्टॉक में 50% की वृद्धि दर्ज की गई है। 90% शुद्धता वाला यूरेनियम हथियार-ग्रेड माना जाता है, लेकिन 60% स्तर तक पहुंचना मतलब परमाणु बम निर्माण के एक कदम पीछे होना। IAEA ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान इस स्तर के 42 किलो यूरेनियम को और परिष्कृत कर देता है, तो वह एक परमाणु हथियार बना सकता है।

ईरान का दावा, हमारा कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण

रिपोर्ट सामने आने के बाद ईरान ने IAEA के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। ईरानी विदेश मंत्रालय और परमाणु ऊर्जा संगठन ने रिपोर्ट को 'गलत, पक्षपातपूर्ण और अविश्वसनीय स्रोतों पर आधारित' बताया है। ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम बिजली उत्पादन और चिकित्सा जैसे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है। ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के उस फतवे का हवाला भी दिया जिसमें परमाणु हथियारों को इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ बताया गया है।

IAEA को जांच में नहीं मिल रहा सहयोग

IAEA ने सदस्य देशों को एक और गोपनीय रिपोर्ट भेजी है जिसमें यह भी बताया गया है कि ईरान विशेषकर उन जगहों पर सहयोग नहीं कर रहा जहां बिना जानकारी के यूरेनियम के अंश पाए गए हैं। एजेंसी को संदेह है कि ईरान का 2000 के दशक की शुरुआत में एक गुप्त सैन्य परमाणु कार्यक्रम था। इस संदर्भ में तीन पुरानी साइटें- तुर्कुजाबाद, वरामिन और मरीवान- जांच के दायरे में हैं। एक चौथी साइट लाविसान-शियान को ईरान ने 2003 के बाद ढहा दिया और IAEA को वहां जांच की अनुमति नहीं दी गई।

इजराइल की चेतावनी, ईरान को तुरंत रोका जाए

IAEA की रिपोर्ट सामने आने के बाद इजराइल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। इजराइली सरकार ने कहा कि यह रिपोर्ट साबित करती है कि ईरान पूरी तैयारी के साथ परमाणु हथियार बनाने के करीब पहुंच चुका है। इजराइल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि ईरान को तत्काल रोका जाए, अन्यथा गंभीर वैश्विक खतरा उत्पन्न हो सकता है।

अमेरिका ने भेजा नया प्रस्ताव, ओमान बना मध्यस्थ

इस बीच अमेरिका ने ईरान को परमाणु गतिविधियां सीमित करने और प्रतिबंधों में राहत देने से जुड़ा नया प्रस्ताव भेजा है। ओमान के विदेश मंत्री हाल ही में तेहरान पहुंचे और यह प्रस्ताव ईरानी विदेश मंत्री को सौंपा। हाल ही में रोम में अमेरिका और ईरान के बीच पांचवें दौर की बातचीत भी हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। ईरान का आरोप है कि अमेरिका ने 2018 में परमाणु समझौते से एकतरफा रूप से बाहर होकर हालात बिगाड़े और तब IAEA चुप रहा।

दुनिया में परमाणु हथियारों की स्थिति

स्वीडन स्थित थिंक टैंक SIPRI की रिपोर्ट (जून 2024) के अनुसार दुनिया में इस समय 3,904 परमाणु हथियार मिसाइलों या एयरक्राफ्ट में तैनात हैं।
  • सबसे ज्यादा परमाणु हथियार रूस और अमेरिका के पास हैं, जो कुल वैश्विक जखीरे का 90% हिस्सा रखते हैं।
  • भारत, पाकिस्तान और उत्तर कोरिया भी बैलिस्टिक मिसाइलों पर परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी में हैं।
  • अगर ईरान भी परमाणु हथियार बना लेता है तो वह ऐसा करने वाला दसवां देश होगा।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts