Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंडी सांसद कंगना रनौत बोलीं- तीनों कृषि कानून वापस लाए जाने चाहिए, कांग्रेस ने किया पलटवार

Follow on Google News
मंडी सांसद कंगना रनौत बोलीं- तीनों कृषि कानून वापस लाए जाने चाहिए, कांग्रेस ने किया पलटवार
मंडी। हिमाचल की मंडी सीट से सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर से अपने बयान से चर्चा में आ गई हैं। उन्होंने तीन कृषि कानूनों को किसानों के हित में बताते हुए दोबारा से लागू करने की मांग की है। साथ ही कहा कि किसानों को खुद इन कानूनों को वापस लाने की मांग सरकार से करनी चाहिए। केंद्र सरकार को 14 महीने के बाद नवंबर 2021 में किसान आंदोलन के बाद ये कानून वापल लेने पड़े थे। कंगना के इस बयान को लेकर कांग्रेस ने पलटवार किया है और कहा- देश के 750 से ज्यादा किसान शहीद हुए, तब जाकर मोदी सरकार की नींद टूटी और ये काले कानून वापस हुए। अब कांग्रेस ऐसा कभी नहीं होने देगी।

अपने निर्वाचन क्षेत्र में दिया बयान

दरअसल, कंगना रनौत ने हाल ही में अपने निर्वाचन क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और बीजेपी के सदस्यता अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसानों के हित में तीन कृषि कानूनों को फिर से लागू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी आवाज उठानी चाहिए और अपने हितों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए। कंगना ने यह भी कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनकी समृद्धि में कोई ब्रेक नहीं लगना चाहिए। कंगना रनौत ने तीनों कृषि कानून फिर से लागू करने की मांग करते हुए कहा, "किसानों के जो कानून हैं, जो वापसी ले लिए गए थे, मुझे लगता है कि वो फिर से लाने चाहिए। कंगना रनौत ने यह भी कहा कि हो सकता है उनकी इस बात पर विवाद हो, लेकिन मुझे लगता है कि किसानों के हितकारी कानून वापस आने चाहिए। किसानों को खुद इसकी डिमांड करनी चाहिए, ताकि जैसे बाकी जगह समृद्धि हो रही है, किसानों की समृद्धि में भी ब्रेक नहीं लगना चाहिए। देश के विकास में किसान मजबूती के मुख्य स्तंभ हैं। मैं हाथ जोड़कर विनती करती हूं कि किसान खुद अपील करें और सब किसानों के हितों को ध्यान में रखकर कानून वापस मांगें।" https://x.com/INCIndia/status/1838496166528393323

कांग्रेस ने बीजेपी पर बोला हमला

कांग्रेस पार्टी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर कंगना के बयान वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "किसानों पर लादे गए 3 काले कानून वापस लाने चाहिए। BJP की सांसद कंगना रनौत ने ये बात कही। देश के 750 से ज्यादा किसान शहीद हुए, तब जाकर मोदी सरकार की नींद टूटी और ये काले कानून वापस हुए। अब BJP के सांसद फिर से इन कानून की वापसी का प्लान बना रहे हैं। कांग्रेस किसानों के साथ है। इन काले कानून की वापसी अब कभी नहीं होगी, चाहे नरेंद्र मोदी और उनके सांसद जितना जोर लगा लें।"

मोदी सरकार ने वापस लिए थे तीनों कानून

पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में संसद में तीन कृषि कानून पारित किए थे। इनमें कृषक उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) अधिनियम, 2020 कृषक (सशक्तिकरण और संरक्षण) कीमत आश्वासन और कृषि सेवा पर करार अधिनियम, 2020 और आवश्यक वस्तु (संशोधन) अधिनियम, 2020 शामिल हैं। लेकिन किसानों को यह बिल रास नहीं आए। इनका किसानों ने जमकर विरोध किया था। किसान करीब एक साल से भी ज्यादा समय तक दिल्ली के बॉर्डर पर धरने पर डटे रहे। आखिरकार साल नवंबर 2021 में पीएम नरेंद्र मोदी ने इन तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने का ऐलान किया।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts