अंबाला। हरियाणा के पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से BJP सांसद रतन लाल कटारिया का निधन हो गया है। लंबी बीमारी के बाद कटारिया ने बीती रात PGI चंडीगढ़ में अंतिम सांस ली। वह पिछले कई दिनों से निमोनिया के चलते PGI में भर्ती थे। कटारिया पीएम मोदी के बेहद करीबी माने जाते थे। उनके निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित बीजेपी के तमाम नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया है।
उनका पार्थिव शरीर पंचकूला आवास पर रखवाया जाएगा और उसके बाद मनीमाजरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल सांसद कटारिया पंचकूला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स में रहते थे।
पत्नी ने ट्वीट कर दी जानकारी
उनकी पत्नी बंटो कटारिया ने दिवंगत सांसद के ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए बताया, 'आप सभी को बहुत दुःखी ह्रदय से सूचित किया जाता है कि मेरे जीवन का आधार व् पग-पग पर साथ चलने वाले मेरे जीवन के साथी रतन लाल कटारिया जी प्रभु के श्री चरणों में लीन हो गए हैं। मैं ईश्वर से दिवगंत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करती हूं।'
https://twitter.com/BantoKataria/status/1659007840995143681?s=20
19 दिसंबर 1951 को हुआ था जन्म
रतन लाल कटारिया का हरियाणा की राजनीति में एक सक्रिय नेता के रुप में जाने जाते थे। उनका जन्म 19 दिसंबर 1951 को यमुनानगर जिले के संधली गांव में हुआ था। राजनीतिज्ञ विज्ञान में मास्टर की डिग्री करने के बाद उन्होंने एलएलबी भी किया। 1985 में रादौर से विधाय चुने गए उनको राष्ट्र गीत गाने, कविताएं, शायरी लिखने और पुस्तकें पढ़ने का शौक था। उनकी पत्नी का नाम बंतो कटारिया है, उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं।
राजनीतिक सफर
- रतन लाल कटारिया पांच दशक तक आरएसएस के सक्रिय सदस्य रहे।
- साल 1980 में रतन लाल कटारिया को भाजयुमो का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था।
- 1987-90 में प्रदेश सरकार के संसदीय सचिव एवं हरिजन कल्याण निगम के चेयरमैन बने थे।
- जून 1997 से जून 1999 तक हरियाणा वेयर हाउसिंग के चेयरमैन भी बने।
- 2000 से 2003 तक पार्टी के हरियाणा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने जिम्मेदारी निभाई।
- तीन बार (1999, 2014 और 2019) लोकसभा के सांसद चुने गए।
- मोदी सरकार में जल शक्ति व सामाजिक न्याय अधिकारिता राज्य मंत्री भी रहे।
- इसके अलावा वे बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मंत्री, अनुसूचित जाति मोर्चा के अखिल भारतीय महामंत्री, बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री भी रहे।
- कटारिया राजनीतिक तजुर्बेकार और बेदाग छवि के नेता के रुप में जाने जाते थे।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…