हरसूद में घर-घर विराजे श्रीगणपति, दस दिवसीय उत्सव को लेकर उत्साह

हरसूद। गाजे-बाजे के साथ घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। वहीं, सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।
गाजे-बाजे के साथ गणेश प्रतिमाओं की स्थापना
भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना के लिए बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ बाजार में देखने को मिली। भक्तों ने गाजे-बाजे और भक्ति भाव के साथ घर और सार्वजनिक पंडालों में बप्पा की प्रतिमा स्थापित की गई। दस दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर घरों सहित सार्वजनिक पंडालों में आकर्षक सजावट की गई है।

दो दर्जन से अधिक स्थानों पर गणेश उत्सव
नगर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर गणेश उत्सव समितियों द्वारा सार्वजनिक रूप से भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। भगवान श्रीगणेश के आने से नगर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। दस दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान नगर में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें: डॉ. मोहन यादव कैबिनेट- मप्र में जारी रहेंगे 42,490 करोड़ के काम, आदिवासी शिक्षकों को नियुक्ति दिनांक से वेतनमान
महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत
सोमवार को हरतालिका तीज व्रत पर सुहागिन महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करते हुए निर्जला व्रत रखा। घरों और मंदिरों में आकर्षक फूलेरा बांधकर महिलाओं ने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।
रात्रि जागरण कर किए भजन-कीर्तन
हरतालिका तीज व्रत पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह नजर आया। महिलाओं ने रात्रि जागरण कर भजन-कीर्तन किए और भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की। पर्व को लेकर घरों और मंदिरों में धार्मिक वातावरण बना रहा।
बाजार में जाम से लोग परेशान
गणेश चतुर्थी पर्व पर बाजार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पार्किंग के अभाव में यातायात प्रभावित होता रहा। बीच सड़क पर वाहनों की पार्किंग होने से बार-बार जाम की स्थिति बनती रही। आश्चर्य की बात है कि दो दिन पहले ही शांति समिति की बैठक में नगर की गड़बड़ाई यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की नागरिकों की मांग के बावजूद शासन-प्रशासन के जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, जिससे अधिक भीड़ और पार्किंग के अभाव में लोग परेशान होते रहे।



















