शंकर मंदिर में कंकर फेंको, सारे कष्ट दूर होंगे! इंदौर में इसी बहाने महिला से ठगी,मंदिर ले जाकर जेवर लेकर भागे ठग

इंदौर। शहर में अंधविश्वास का फायदा उठाकर लोगों को ठगने का एक और मामला सामने आया है। इस बार दो शातिर युवकों ने घर की परेशानियां और संकट दूर करने का झांसा देकर एक महिला को अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने महिला को भगवान के मंदिर में कंकर फेंकने की सलाह दी और उसे अपने साथ मंदिर तक ले गए। यहां धार्मिक आस्था की आड़ में ऐसा खेल रचा कि महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी। मंदिर में प्रवेश से पहले सोने के जेवर उतारकर रखने की बात कही और भरोसे में लेकर उसका मंगलसूत्र व सोने की बालियां हासिल कर लीं। महिला जब मंदिर के भीतर से बाहर आई तो दोनों युवक जेवर लेकर गायब हो चुके थे।
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd ODI: खराब मौसम के चलते रद्द हो सकता है दूसरा वनडे!
घटना आजाद नगर थाना क्षेत्र के मुसाखेड़ी इलाके की है। जानकारी के मुताबिक महिला बुधवार सुबह अपने रास्ते जा रही थी, तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद युवकों ने महिला को बताया कि उसके घर में परेशानियां और कष्ट चल रहे हैं। यदि वह उनके बताए तरीके से भगवान शंकर के मंदिर में जाकर कंकर फेंककर आएगी तो उसकी समस्याएं दूर हो जाएंगी। घर की परेशानियां खत्म होने की उम्मीद में महिला उनकी बातों में आ गई और दोनों के साथ मंदिर पहुंच गई।
ये भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये; फसलों के नुकसान पर बढ़ी मुआवजा राशि
मंदिर में प्रवेश से पहले उतरवाए जेवर
मंदिर पहुंचने के बाद आरोपियों ने महिला से कहा कि सोने-चांदी के आभूषण और मंगलसूत्र पहनकर मंदिर में प्रवेश नहीं किया जाता। इसलिए वह अपने जेवर उन्हें दे दे, ताकि मंदिर के भीतर जाने में कोई परेशानी न हो। युवकों की बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने अपनी सोने की बालियां और मंगलसूत्र उतारकर एक पोटली में बांधे और उन्हें सौंप दिए। इसके बाद महिला मंदिर के भीतर चली गई।
बाहर लौटी तो गायब मिले दोनों युवक
महिला जब मंदिर से वापस लौटी तो दोनों युवक वहां से गायब थे। पहले तो उसने आसपास उनकी तलाश की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। आरोपी धार्मिक आस्था और घर की परेशानियां दूर करने के नाम पर उसके सोने के जेवर लेकर फरार हो चुके थे।
घटना के बाद पीड़िता ने आजाद नगर थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दोनों युवकों की पहचान की जा सके। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।




















