पटना: पुलिस एनकाउंटर में 3 शूटर ढेर, अस्पताल में परिजनों का हंगामा; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पटना। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में 24 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने 18 गोलियां चलाईं। वहीं, तीनों के शव अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस से झड़प, पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़
पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शेरपुर गंगा घाट के पास शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी हुई। पटना SSP कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, अपराधियों ने पुलिस पर 24 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने 18 राउंड गोलियां चलाईं। करीब 20 मिनट तक दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही।
ये भी पढ़ें: पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में लगी भीषण लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
तीन शूटर राजा शर्मा, बबलू और जेपी यादव की मौत
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि तीनों पेशेवर शूटर थे और सुपारी लेकर हत्या की वारदातों को अंजाम देते थे। घटनास्थल से एक देशी पिस्टल और दो देशी कट्टे भी बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ में SHO रजनीश कुमार को लगी गोली
मुठभेड़ में मनेर थाना प्रभारी रजनीश कुमार भी घायल हुए हैं। उनके हाथ में गोली लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पटना के सिटी एसपी सेंट्रल चंद्र प्रकाश भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा
तीनों आरोपियों की मौत की खबर मिलने के बाद उनके परिजन दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने एनकाउंटर को गलत बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और शवों को एंबुलेंस से उतारने नहीं दिया। इस दौरान पुलिस के साथ हाथापाई हुई और पथराव के साथ कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। अस्पताल परिसर में पुलिस-प्रशासन जवाब दो के नारे भी लगाए गए।
चार थानों की पुलिस और 100 से ज्यादा जवान तैनात
अस्पताल में बढ़ते हंगामे को देखते हुए चार थानों की पुलिस और 100 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। पुलिस ने अस्पताल परिसर खाली कराने के साथ भीड़ को हटाने की कोशिश की, लेकिन लोग पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन लगातार हालात संभालने में जुटा है।




















