जमानत मिलते ही दूसरे केस में उर्मिला सनावर हिरासत में, देहरादून पुलिस करेगी पूछताछ

हरिद्वार। एक्ट्रेस उर्मिला सनावर शुक्रवार को हरिद्वार जेल से रिहा हो गईं। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर से जुड़े ब्लैकमेलिंग मामले में उन्हें चार दिन पहले कोर्ट से जमानत मिली थी। हालांकि जेल से बाहर आते ही पुलिस ने उन्हें एक अन्य मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। यह मुकदमा देहरादून के पटेलनगर थाने में दर्ज है। बताया जा रहा है कि पुलिस इसी मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। उर्मिला सनावर को 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर के गोविंद नगर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया था। उन पर दीपिका राठौर से 5 करोड़ रुपये मांगने, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे थे।
दीपिका राठौर की शिकायत पर हुई थी गिरफ्तारी
पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर उनके और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक तथा मानहानिकारक टिप्पणियां की थीं। दीपिका का आरोप था कि 24 अक्टूबर को उर्मिला ने उन्हें फोन किया और पिता से 5 करोड़ रुपये नकद दिलाने की मांग की। इसके अलावा रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने के लिए भी दबाव बनाया गया। मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया था। दीपिका ने यह भी दावा किया था कि उर्मिला करीब डेढ़ साल से सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब कर रही थीं। आरोप है कि उनके फोटो और वीडियो के जरिए चरित्र को गलत तरीके से पेश किया गया और सेक्स रैकेट चलाने जैसे आरोप लगाए गए।
12 घंटे के भीतर पुलिस ने की थी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के करीब 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने इस मामले में घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद करने का दावा किया था। गिरफ्तारी के बाद उर्मिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जिला कारागार भेज दिया गया था। बाद में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को उनकी रिहाई हुई। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 387/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 308(7), 79, 356(3), 356(2) और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/10 के तहत केस दर्ज किया था।
पटेल नगर थाने में दर्ज है दूसरा ब्लैकमेलिंग केस
हरिद्वार जेल से रिहाई के बाद उर्मिला सनावर को देहरादून के पटेल नगर थाने में दर्ज एक अन्य ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इसी केस में उनसे पूछताछ की जाएगी। इस तरह एक मामले में जमानत मिलने के बाद भी उन्हें तत्काल रिहाई का लाभ नहीं मिल सका।
अंकिता भंडारी केस: उर्मिला सनावर का होगा नार्को टेस्ट? 23 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी
अंकिता भंडारी केस के VIP ऑडियो से भी जुड़ा है नाम
उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई थी जब अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित VIP के नाम वाले वायरल ऑडियो की जांच चल रही थी। इस मामले में CBI ने उर्मिला सनावर और पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को नोटिस जारी किया था। दोनों 23 अक्टूबर को देहरादून की CBI कोर्ट में पेश हुए थे। वहां उर्मिला के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर सुनवाई हुई थी। कोर्ट में पेशी के बाद उर्मिला ने बताया था कि उन्हें नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति पर विचार करने को कहा गया है। इस संबंध में उन्हें 26 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश होना था। हालांकि 25 अक्टूबर को हरिद्वार पुलिस ने उन्हें दीपिका राठौर की शिकायत से जुड़े ब्लैकमेलिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद नार्को टेस्ट से जुड़ी आगे की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।




















