Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में बहन की लव मैरिज का बदला! 16 साल के भाई ने जीजा को चाकू से गोदा, मौत

इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र के निलगिरी परिसर में बहन की लव मैरिज से नाराज 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने 22 वर्षीय जीजा दीपक की चाकू मारकर हत्या कर दी। दीपक ने दो साल पहले गायत्री से प्रेम विवाह किया था। बुधवार रात सास की बाहरवीं के कार्यक्रम में दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि नाबालिग ने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू बरामद कर लिया है।
इंदौर में बहन की लव मैरिज का बदला! 16 साल के भाई ने जीजा को चाकू से गोदा, मौत
प्रतीकात्मक फ़ोटो

इंदौर। बहन की मर्जी से की गई प्रेम शादी की नाराजगी दो साल बाद खौफनाक वारदात में बदल गई। खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने ही जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी बहन के प्रेम विवाह से नाराज था और इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा था। बुधवार रात परिवार में चल रहे भजन-कीर्तन के कार्यक्रम के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि नाबालिग ने सब्जी काटने वाले चाकू से जीजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका में भारतीयों का जलवा! रंजीव पुरी बने मिशिगन हाउस के स्पीकर, ज्योत सिंह और नित्या रमन ने भी रचा इतिहास

टीआई करणीसिंह शक्तावत के मुताबिक मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपक पुत्र गोपाल निवासी राणायर बरोठा, जिला देवास के रूप में हुई है। दीपक ने करीब दो साल पहले गांव में रहने वाली गायत्री से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से गायत्री का परिवार नाराज था। शुरुआती दिनों में परिजनों ने दोनों से दूरी बना ली थी और बातचीत तक बंद कर दी थी। हालांकि, कुछ समय बाद परिवार में फिर से मेलजोल शुरू हो गया और दीपक का ससुराल आना-जाना होने लगा था।

ये भी पढ़ें: धनतेरस की तैयारियों के बीच दिल्ली के गफ्फार मार्केट में भीषण आग, 22 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

सास की बाहरवीं में पहुंचा था दीपक, रात दो बजे मची चीख-पुकार

बुधवार को दीपक अपनी बड़ी सास रामकन्या की बाहरवीं के कार्यक्रम में शामिल होने निलगिरी परिसर पहुंचा था। घर में रात के समय भजन-कीर्तन चल रहा था। परिवार के लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे, तभी रात करीब दो बजे अचानक दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग मौके की तरफ दौड़े तो दीपक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। बताया गया कि टेंट की आड़ में उस पर चाकू से हमला किया गया था। अचानक हुई इस वारदात से कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें: झारखंड में भीषण हादसा: स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे ग्रामीणों को ट्रेलर ने रौंदा, 4 महिलाओं और 3 बच्चों की मौत

बात करने को लेकर हुआ विवाद, गुस्से में उठाया चाकू

परिजन घायल दीपक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। टीआई के अनुसार आरोपी ने बताया कि दीपक उससे बात नहीं करने पर धमका रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और गुस्से में उसने सब्जी काटने वाले चाकू से जीजा पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है। दो साल पुरानी प्रेम शादी से शुरू हुई पारिवारिक नाराजगी का अंत आखिरकार एक युवक की हत्या के रूप में हुआ।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts