Harry Boxer Arrested: अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर, सलमान खान और रोहित शेट्टी को दे चुका था धमकी

दिवाली से पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका लगने की खबर सामने आई है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी और विदेश में बैठकर गैंग की गतिविधियां चलाने वाला हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। हैरी बॉक्सर पर बॉलीवुड सितारों को धमकी देने, हत्या और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह सलमान खान और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को धमकी देने के साथ कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग के मामले से भी जुड़ा बताया जाता है। उसकी गिरफ्तारी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
कौन है हैरी बॉक्सर? जानिए असली नाम और पहचान
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरचंद बताया जाता है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले की बानसूर तहसील के चतरपुरा आढ़ी गेली गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि हैरी को बचपन से ही बॉक्सिंग में काफी दिलचस्पी थी। इसी वजह से अपराध की दुनिया में आने के बाद उसका नाम हैरी बॉक्सर पड़ गया। उसे हरि बॉक्सर के नाम से भी जाना जाता है। कई साल पहले वह भारत छोड़कर विदेश चला गया था। इसके बाद अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए गतिविधियां संचालित करने लगा। हालांकि, अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
सलमान खान और रोहित शेट्टी को दे चुका था धमकी
हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड सितारों को धमकी देने के कई मामलों में सामने आ चुका है। हैरी बॉक्सर पर अमेरिका में बैठकर सलमान खान को धमकी देने का आरोप है। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो के जरिए ली थी। कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद दी थी धमकी
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया और ऑडियो संदेश के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी दी थी। इस घटना ने मुंबई में फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। जांच एजेंसियां इस तरह की घटनाओं के पीछे गैंगस्टर नेटवर्क और विदेश से संचालित होने वाली गतिविधियों की पड़ताल करती रही हैं।
हत्या और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज
हैरी बॉक्सर पर हत्या, जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी वसूलने जैसे कई गंभीर आरोप हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उसकी करीबी को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी को गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियों की नजर इस बात पर रहेगी कि हैरी बॉक्सर से पूछताछ में लॉरेंस गैंग के विदेश में फैले नेटवर्क और बॉलीवुड सितारों को धमकी देने से जुड़े मामलों में क्या नए खुलासे होते हैं।



















