Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर में बिजली पावर हाउस के ऑपरेटर की हत्या, बंडा के भाजपा विधायक के साले थे गजेंद्र सिंह

जबलपुर से करीब 38 किलोमीटर दूर पाटन थाना क्षेत्र के नन्हवारा गांव स्थित बिजली पावर हाउस में ड्यूटी कर रहे आउटसोर्स कर्मचारी गजेंद्र सिंह ठाकुर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी के साले बताए जा रहे हैं।
जबलपुर में बिजली पावर हाउस के ऑपरेटर की हत्या, बंडा के भाजपा विधायक के साले थे गजेंद्र सिंह
जबलपुर में बिजली पावर हाउस के ऑपरेटर की हत्या

जबलपुर। शुक्रवार रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गजेंद्र के सिर और दाहिनी आंख के पास गंभीर चोटें मिलीं, जबकि प्रारंभिक जानकारी में पीठ पर गोली लगने की बात भी सामने आई है। परिजनों ने बिजली काटने और लाइन बंद करने को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है।

पावर हाउस में ड्यूटी के दौरान हुआ हमला

गजेंद्र सिंह ठाकुर (42) मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी थे और नन्हवारा गांव के बिजली सब स्टेशन में ऑपरेटर के रूप में काम करते थे। शुक्रवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच पावर हाउस में काम करने वाले राजेंद्र ने उनके परिजनों को फोन कर मारपीट होने की सूचना दी।

ये भी पढ़ें: गुना में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवकों की मौके पर मौत

कमरे में पलंग के नीचे घायल मिले गजेंद्र

सूचना मिलने के बाद गजेंद्र के चाचा प्रमोद सिंह ठाकुर अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कमरे में लोहे के पलंग के नीचे गजेंद्र घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर और दाहिनी आंख के पास गंभीर चोटें थीं। परिजन उन्हें पाटन अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया। अपोलो अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिजली काटने को लेकर गांव के लोगों से था विवाद

परिजनों के मुताबिक, बिजली काटने और लाइन बंद करने को लेकर गजेंद्र का गांव के कुछ लोगों से विवाद होता रहता था। इस संबंध में उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों से शिकायत भी की थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते हत्या की गई हो, हालांकि पुलिस ने अभी वारदात के पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है।

गोली और धारदार हथियार से हमले की आशंका

शुरूआती जानकारी में गजेंद्र की पीठ पर एक गोली लगने की बात सामने आई है। इसके अलावा उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की भी जानकारी मिली है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

Breaking News

एफएसएल और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य

एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी अंजना तिवारी और एसडीओपी आशुतोष द्विवेदी मौके पर पहुंचे। एफएसएल, फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वाड की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पाटन थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts