भोपाल में 4 दिसंबर से आलमी तब्लीगी इज्तिमा, ईंटखेड़ी में 14 ब्लॉक तैयार; विदेशी मेहमानों के लिए भी इंतजाम

भोपाल। राजधानी में 4 दिसंबर से शुरू होने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमागाह पर देश-विदेश से आने वाली जमातों के ठहरने के इंतजाम लगभग पूरे कर लिए गए हैं। अलग-अलग राज्यों, मध्य प्रदेश के जिलों और भोपाल की स्थानीय जमातों के लिए अलग ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। आयोजन स्थल को कुल 14 ब्लॉक में बांटा गया है। अगले कुछ दिनों में बाकी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली जाएंगी।
देश के अलग-अलग राज्यों की जमातों के लिए अलग ब्लॉक
इज्तिमागाह पर आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों से आने वाली जमातों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। इन जमातों के लिए ब्लॉक A, B, E, F और G निर्धारित किए गए हैं। वहीं, मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाली जमातों के लिए ब्लॉक A, B, C, E, H और I में इंतजाम किए गए हैं। इनमें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, सतना, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, गुना, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, बैतूल, रतलाम, धार, खरगोन, मंदसौर समेत प्रदेश के कई जिलों की जमातें शामिल हैं।
भोपाल की स्थानीय जमातों के लिए ब्लॉक C
भोपाल के अलग-अलग इलाकों से तीन दिन की जमात लेकर इज्तिमा में पहुंचने वालों के लिए ब्लॉक C में व्यवस्था की गई है। इसमें पीजीबीटी, याकूब खां, कच्ची मस्जिद, आम वाली मस्जिद, अहमद नगर, मुल्तानी, आरिफ नगर, करोंद, नन्नी बी, ऐशबाग, अफजल कॉलोनी, बाग उमरावदूल्हा, नूर महल, स्टेशन, बुधवारा, तलैया, जुमेराती, इब्राहिमपुरा, छावनी, बरखेड़ी, जहांगीराबाद, हुजूर, बैरसिया और बीएचईएल क्षेत्र की जमातों के ठहरने का इंतजाम रहेगा।
ब्लॉक D में विदेशी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था
आयोजन स्थल पर कुल 14 ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें ब्लॉक D में विदेशों से आने वाले मेहमानों के ठहरने और तशकील की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा रहबर जमात, निगरानी जमात, गुमशुदा लोगों की सहायता और कुतुबखाना के लिए भी अलग इंतजाम किए गए हैं।
चिकित्सा शिविर से लेकर फूड जोन तक की तैयारी
इज्तिमागाह पर आने वाले जमातियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और यूनानी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड और सुरक्षा कैंप भी बनाए गए हैं। खाने-पीने की व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में फूड जोन तैयार किए जा रहे हैं, जहां भोजन के साथ चाय और नाश्ते की सुविधा भी मिलेगी।
क्लीन-ग्रीन इज्तिमा पर रहेगा जोर, पानी बचाने की अपील
इज्तिमा प्रबंधन से जुड़े लोगों के मुताबिक इस बार भी आयोजन में क्लीन और ग्रीन की अवधारणा पर जोर रहेगा। इसके तहत तंबाकू उत्पादों और पॉलीथिन बैग के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पानी की बचत के लिए वुजू, बाथरूम और टॉयलेट में कम से कम पानी इस्तेमाल करने की अपील की जाएगी।
शहर की मस्जिदों में पहुंचने लगीं जमातें
देश के अलग-अलग राज्यों से जमातों के भोपाल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। फिलहाल ये जमातें शहर की विभिन्न मस्जिदों में ठहरी हुई हैं। यहां से वे लोगों को इज्तिमा में शामिल होने की दावत दे रही हैं। आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी होने के साथ ही जमातियों के पहुंचने का सिलसिला और तेज होने की उम्मीद है।




















