सिंगरौली में बढ़ी ठंड, बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक अलाव की व्यवस्था नहीं; लोग परेशान

सिंगरौली। लोगों का कहना है कि हर साल ठंड के मौसम में नगर निगम की ओर से प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर जलाऊ लकड़ी उपलब्ध कराकर अलाव जलवाए जाते थे। इससे रात के समय लोगों को राहत मिलती थी, लेकिन इस बार ठंड बढ़ने के बावजूद व्यवस्था नहीं की गई है। नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल अलाव जलवाने की मांग की है।
तापमान गिरने से बढ़ी ठिठुरन
सिंगरौली जिले में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ रहा है। तापमान में गिरावट के साथ रात और सुबह के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों पर अब तक अलाव की व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। इससे यात्रियों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
ये भी पढ़ें: MP में कड़ाके की ठंड, कटनी के करौंदी में पारा 6.1 डिग्री; भोपाल में शीतलहर का अलर्ट
बस स्टैंड और अस्पताल में भी अलाव नहीं
अंतरराज्यीय बस स्टैंड बैढ़न, जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर, अंबेडकर चौक, मस्जिद तिराहा, नवजीवन विहार चौक, इंदिरा चौक और राजीव चौक पर अलाव की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा माजन, नवानगर, निगाही, जयंत और मोरवा बस स्टैंड पर भी लोग ठंड से परेशान हैं।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी
सिंगरौली और बरगवां रेलवे स्टेशन पर भी अब तक अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की गई है। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों का कहना है कि हर साल ठंड के मौसम में प्रशासन और नगर निगम की ओर से प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर जलाऊ लकड़ी उपलब्ध कराई जाती थी। इससे रात के समय ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को राहत मिलती थी।
पहले अलाव से मिलती थी राहत
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले वर्षों में ठंड के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए जाते थे। इससे रात में यात्रा करने वाले यात्रियों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलती थी। इस बार ठंड बढ़ने के बावजूद अब तक ऐसी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।
नगर निगम से तत्काल व्यवस्था की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त, महापौर, निगम अध्यक्ष और संबंधित वार्ड पार्षदों से समस्या पर ध्यान देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ठंड का प्रकोप बढ़ने से पहले ही अलाव की व्यवस्था होनी चाहिए थी। अब प्रमुख बस स्टैंड, अस्पतालों, चौक-चौराहों और रेलवे स्टेशनों पर तत्काल अलाव जलवाए जाएं, ताकि आम नागरिकों और यात्रियों को राहत मिल सके।




















