🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

हरदा के मूंग उपार्जन केंद्र पर वजन में गड़बड़ी का आरोप, किसान ने कलेक्टर से की शिकायत

हरदा के ग्राम रन्हाईकला के किसान हेमंत चौधरी ने प्रेमसुधा वेयरहाउस, सुखरास स्थित मूंग उपार्जन केंद्र पर वजन में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। किसान का दावा है कि तुलाई में 1.50 क्विंटल वजन कम दर्शाया गया। 
Follow on Google News
हरदा के मूंग उपार्जन केंद्र पर वजन में गड़बड़ी का आरोप, किसान ने कलेक्टर से की शिकायत
हरदा जिले में सुखरास स्थित मूंग खरीदी केंद्र।

हरदा। जिले के ग्राम रन्हाईकला निवासी किसान हेमंत चौधरी (पिता गयाप्रसाद चौधरी) ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को लिखित शिकायत देकर प्रेमसुधा वेयरहाउस, सुखरास स्थित मूंग उपार्जन केंद्र पर वजन में हेराफेरी का आरोप लगाया है। किसान के अनुसार 31 जुलाई को किसान कोड 222410027173 के तहत उनकी 73 क्विंटल 65 किलोग्राम मूंग की तुलाई प्लेट कांटे से की गई, जिसकी आरएसटी पर्ची संख्या 3212 है। शिकायत में कहा गया है कि तुलाई के बाद खाली ट्रॉली का वजन करते समय वेयरहाउस प्रबंधन ने तीन कर्मचारियों को प्लेट कांटे पर खड़ा कर दिया, जिससे कुल वजन में 1 क्विंटल 50 किलोग्राम की कटौती कर 72 क्विंटल 15 किलोग्राम की पर्ची जारी कर दी गई। किसान का आरोप है कि ऐसी अनियमितता केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि अन्य किसानों के साथ भी की जा रही है।

वेयरहाउस संचालक पर अनियमित खरीदी और मिलावट का भी आरोप

शिकायत में किसान ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर वेयरहाउस संचालक द्वारा किसानों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान ने यह भी दावा किया कि प्रेमसुधा वेयरहाउस संचालक के नाम हरदा कृषि मंडी में खरीदी का लाइसेंस है। आरोप है कि संचालक मंडी से मूंग की चूरी, मूंग दाल और मिट्टी मिली मूंग खरीदकर गांव ले जाता है तथा समर्थन मूल्य पर चल रही खरीदी के दौरान उसे खपाया जाता है। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका जताई कि एफएक्यू गुणवत्ता वाली मूंग को वेयरहाउस संचालक के करीबियों के यहां अलग-अलग स्थानों पर खाली कराया जा रहा है, जिससे मिलावट की संभावना बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें: सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण पर सोहागपुर सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा को कलेक्टर ने किया सम्मानित

सीसीटीवी फुटेज जांचने की मांग, प्रशासन से कार्रवाई की अपेक्षा

किसान हेमंत चौधरी का दावा है कि पूरा घटनाक्रम वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की अनियमितताओं से शासन को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है, वहीं किसानों का भी आर्थिक शोषण हो रहा है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से प्लेट कांटे की पर्चियों और सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। 

ये भी पढ़ें: 21 करोड़ रुपए की साइबर ठगी में भाजपा जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार, 50 लाख रुपए खाते में आने के मिले सबूत

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

icon

Latest Posts