Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा में नशे के खिलाफ मोर्चा, 11 सदस्यीय टीम का गठन, युवाओं पर रहेगा फोकस

हरदा जिले में सिंथेटिक नशे के खिलाफ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर से युवाओं को बचाने के लिए 11 सदस्यीय टीम बनाई गई है। यह टीम तीन चरणों में जागरूकता फैलाएगी, नशे से प्रभावित युवाओं की मदद करेगी और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग भी कराएगी। जानिए पूरी योजना।
हरदा में नशे के खिलाफ मोर्चा, 11 सदस्यीय टीम का गठन, युवाओं पर रहेगा फोकस
प्रेसवार्ता को संबोधित करते सुरेंद्र जैन।

हरदा। जिले में युवाओं के बीच बढ़ते नशे को रोकने के लिए अब समाजसेवियों ने भी कदम उठाना शुरू कर दिया है। एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर जैसे सिंथेटिक नशे की बढ़ती चिंता के बीच पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी सुरेंद्र जैन ने नशे के खिलाफ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। इसके लिए 11 सदस्यीय टीम बनाई गई है, जो युवाओं को नशे से बचाने और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद करने का काम करेगी।

नशे से बर्बाद हो रहे परिवार: सुरेंद्र जैन

शनिवार को हरदा के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुरेंद्र जैन ने कहा कि जिले में सिंथेटिक नशे की बिक्री गंभीर चिंता का विषय है। एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। इससे आर्थिक परेशानियां, तनाव और घरेलू विवाद बढ़ते हैं। कई परिवार नशे के कारण मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं।

तीन चरणों में काम करेगी 11 सदस्यीय टीम

सुरेंद्र जैन ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने के लिए 11 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। यह टीम तीन चरणों में काम करेगी। पहले चरण में उन युवाओं को जागरूक किया जाएगा, जो अभी नशे से दूर हैं। उन्हें नशे के नुकसान बताए जाएंगे, ताकि वे भविष्य में इससे बच सकें। दूसरे चरण में ऐसे युवाओं से संपर्क किया जाएगा, जो हाल ही में नशे की लत का शिकार हुए हैं। उनसे बातचीत कर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तीसरे चरण में नशे से प्रभावित युवाओं और उनके परिवारों को जरूरी मदद उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे दोबारा सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकें।

ये भी पढ़ें: दमोह नगर पालिका अध्यक्ष मंजू राय को कारण बताओ नोटिस, बैठकों और निर्माण कार्यों पर उठे सवाल

जरूरत पड़ने पर कराई जाएगी काउंसलिंग

सुरेंद्र जैन ने कहा कि इस अभियान में जिला प्रशासन और पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर योग्य काउंसलरों की मदद से युवाओं की काउंसलिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। केवल प्रशासन के प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि परिवारों और आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

समाजसेवियों ने भी दिया समर्थन

प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजसेवी राजेंद्र शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सुरेंद्र जैन ने जिले के नागरिकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाना है। इसके लिए जागरूकता, संवाद और काउंसलिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts