दमोह के सत्तधरु जलाशय में मछुआरों को मिला आधुनिक मत्स्य पालन का प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं की भी दी जानकारी
दमोह के सत्तधरु जलाशय में पांच दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। मछुआरों को आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं, बीमा और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
दमोह। सत्तधरु जलाशय में मत्स्य विभाग द्वारा पांच दिवसीय विभागीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मछुआरों को मत्स्याखेट की आधुनिक तकनीकों, रोजगार के अवसरों और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही प्रतिभागियों को मैहर स्थित पोंडी मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का एक्सपोजर विजिट भी कराया जाएगा, जिससे वे मत्स्य पालन की वैज्ञानिक एवं आधुनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकें।
मछुआरों को एनएफडीपी पोर्टल की दी जानकारी
प्रशिक्षण में सहायक संचालक मत्स्य उद्योग सुरेन्द्र कुर्मी एवं सहायक मत्स्य अधिकारी ऋषिकांत पाठक ने मछुआरों को एनएफडीपी (नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म) पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी।
कुर्मी ने बताया कि पोर्टल पर पंजीयन कराने से मछुआरों को डिजिटल पहचान प्राप्त होने के साथ मत्स्य क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक आसान पहुंच मिलती है। इसके माध्यम से दुर्घटना बीमा, वित्तीय सहायता, सब्सिडी, बचत एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है।
संस्थागत लोन लेने की प्रक्रिया भी समझाई
अधिकारियों ने मत्स्य संपदा योजना, किसान समृद्धि योजना, जलीय कृषि बीमा सुविधाओं तथा बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से संस्थागत ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने कहा कि डिजिटल पंजीयन से योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्राप्त करने में मदद मिलती है और मत्स्य पालन को आजीविका के बेहतर साधन के रूप में विकसित किया जा सकता है।
शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं: गौरव पटेल
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने कहा कि सत्तधरु जलाशय क्षेत्र के मछुआरों के लिए वरदान साबित हो सकता है। इसके लिए जलाशय का सदुपयोग करते हुए वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन करना और शासन की योजनाओं का लाभ उठाना जरूरी है।
पटेल ने मछुआरों से नशे से दूर रहने, मेहनत और लगन के साथ स्वरोजगार अपनाने तथा अपनी आय बढ़ाकर जीवन स्तर में सुधार लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि मछुआरा समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त बने और रोजगार के नए अवसरों से जुड़े।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा अनुपकांत (मोंटी) रैकवार, भाजपा मछुआ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नंद कुमार रैकवार, आशीष जॉनसन, घनश्याम, परमलाल, खेत सिंह, नंदलाल, पन्नालाल, प्रशांत गोस्वामी, संकल्प जॉनसन सहित समिति के सदस्य एवं मछुआरा समुदाय के लोग उपस्थित रहे।






















