Hamas Commander Killed: इजरायली हमले में हमास के राफा ब्रिगेड कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत, अल-कसाम ब्रिगेड ने की पुष्टि

इजरायल-हमास युद्ध के बीच गाजा में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इजरायली हवाई हमले में हमास की अल-कसाम ब्रिगेड के राफा कमांडर समीर महमूद अबू यूनिस की मौत हो गई है। हमास ने 15 नवंबर को इसकी पुष्टि की। जानिए कौन थे समीर अबू यूनिस, इजरायल ने कैसे चलाया ऑपरेशन और सीजफायर के बाद गाजा में कितने लोगों की मौत हुई।
Hamas Commander Killed: इजरायली हमले में हमास के राफा ब्रिगेड कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत, अल-कसाम ब्रिगेड ने की पुष्टि
इजरायली हमले में हमास के राफा ब्रिगेड कमांडर समीर अबू यूनिस की मौत

गाजा में इजरायल और हमास के बीच जारी संघर्ष के बीच एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हमास की सशस्त्र शाखा अल-कसाम ब्रिगेड ने 15 नवंबर को ऐलान किया कि दक्षिणी गाजा में हुए इजरायली हवाई हमले में उसके राफा ब्रिगेड कमांडर समीर महमूद अबू यूनिस की मौत हो गई है। अबू यूनिस को हमास की सैन्य नेतृत्व व्यवस्था का अहम सदस्य बताया गया है। इस घटना के बाद गाजा में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। हमास के मुताबिक, अबू यूनिस खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में हुए इजरायली हमले में मारे गए। वह राफा ब्रिगेड की कमान संभाल रहे थे और संगठन की जनरल मिलिट्री काउंसिल के सदस्य भी थे। वहीं, इजरायली सेना ने भी हमले की पुष्टि की है। हालांकि, उसने अपने बयान में मारे गए व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की।

कौन थे समीर महमूद अबू यूनिस? 

समीर महमूद अबू यूनिस हमास की सशस्त्र शाखा अल-कसाम ब्रिगेड के राफा ब्रिगेड कमांडर थे। संगठन की सैन्य व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई है। वह जनरल मिलिट्री काउंसिल के सदस्य भी थे, जो हमास की सैन्य गतिविधियों से जुड़ा एक अहम नेतृत्व समूह है। अबू यूनिस से पहले राफा ब्रिगेड की जिम्मेदारी नाएल अबू ओबैद के पास थी। 15 सितंबर को खान यूनिस में हुए इजरायली हमले में उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद अबू यूनिस ने यह जिम्मेदारी संभाली थी। लगातार दो कमांडरों की मौत से हमास की राफा ब्रिगेड के नेतृत्व पर दबाव बढ़ने की संभावना है। 

X Post

ईरान पर फिर हमले की तैयारी में इजरायल? नेतन्याहू का संदेश लेकर अमेरिका पहुंचे मोसाद चीफ, ट्रंप पर दबाव की चर्चा

इजरायल ने शिन बेट के साथ मिलकर चलाया ऑपरेशन

इजरायली सेना ने बताया कि उसने अपनी सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के साथ मिलकर एक सैन्य ऑपरेशन चलाया था। इस कार्रवाई में हमास की सशस्त्र शाखा के एक वरिष्ठ सदस्य को निशाना बनाया गया। हालांकि, इजरायल ने अपने आधिकारिक बयान में उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया। दूसरी ओर, हमास की अल-कसाम ब्रिगेड ने समीर अबू यूनिस की मौत की पुष्टि की। नासेर मेडिकल कॉम्प्लेक्स के अनुसार, अल-मवासी इलाके में हुए इजरायली ड्रोन हमले में एक फिलिस्तीनी की मौत हुई और दो अन्य लोग घायल हुए। इस घटना ने एक बार फिर गाजा में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीजफायर के बाद भी क्यों जारी हैं इजरायली हमले?

गाजा में 10 अक्टूबर 2025 को सीजफायर लागू होने के बाद भी हिंसा पूरी तरह नहीं रुकी है। अलग-अलग इलाकों में इजरायली सैन्य कार्रवाई और हमलों की खबरें सामने आती रही हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सीजफायर लागू होने के बाद से इजरायली कार्रवाई में 1,643 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है, जबकि 5,964 लोग घायल हुए हैं।

अब तक 74 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत

अक्टूबर 2023 में शुरू हुए इजरायल-हमास युद्ध ने गाजा में भारी तबाही मचाई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 74 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जबकि 1 लाख 76 हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की बताई गई है। लगातार हमलों के कारण हजारों परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। अस्पताल, स्कूल, सड़कें और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

'तुम बेकार आदमी हो', नेतन्याहू की पत्नी ने पूर्व PM को संसद में सुनाई खरी-खोटी, जमकर हुई बहस

गाजा के पुनर्निर्माण के लिए चाहिए 71.4 अरब डॉलर

लंबे समय से जारी युद्ध ने गाजा के बुनियादी ढांचे को लगभग बर्बाद कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्र का करीब 90 फीसदी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभावित या तबाह हो चुका है। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के अनुसार, गाजा के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 71.4 अरब डॉलर की जरूरत पड़ सकती है। इसमें घरों, अस्पतालों, स्कूलों, सड़कों और दूसरी जरूरी सुविधाओं को दोबारा तैयार करना शामिल है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts