ग्वालियर। पारिवारिक संपत्ति विवाद के करण सगे भाई ने छोटे भाई-बहन को गोली मार दी। दोनों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। पुलिस ने हमलावर भाई पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश रही है।
घर के हिस्से को लेकर चल रहा था विवाद
बता दें कि घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के तृप्ति नगर की है। सोनू शर्मा कुछ ही दिन पहले जेल से बाहर आया था। कुछ दिन पहले ही घर के हिस्से को लेकर भाई-बहनों में विवाद हुआ था। घायल बच्चों की मां ने बताया कि गुरुवार को भी सोनू ने विवाद किया। इस दौरान छोटा बेटा रवि बीच में बोला तो दोनों में झगड़ा हो गया। इतने में सोनू ने देसी कट्टे से रवि को गोली मार दी। गोली उसकी पीठ में लगी है। वहीं बीच बचाव करने के लिए आई बहन पूनम को पेट में गोली लग गई है।
भाई-बहन अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों से गोली चालन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल भाई-बहन को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया । एसपी अमित सांघी ने बताया कि भाई की पीठ में और बहन के पेट में गोली लगी है। सोनू शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।