शराब माफियाओं में गैंगवार:युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी हिरासत में

ग्वालियर। शताब्दीपुरम डीडी नगर निवासी सुक्खा उर्फ शिवम वाजपेयी (21) रविवार रात अपने भाई अनुज वाजपेयी, ममेरे भाई अनुराग और ताऊ के साथ गिर्राज जी दर्शन के लिए आई-10 कार से रवाना हुए थे। जब वे गोला का मंदिर चौराहे के पास जेबी मंघाराम फैक्ट्री के सामने पहुंचे, तभी बोलेरो क्रमांक एमपी 04 सीजेड 4039 में सवार आरोपी जीतू गुर्जर, भोलू घुरैया, अनिल गुर्जर और मृत्युञ्जय ठाकुर वहां पहुंचे और उनकी कार में टक्कर मार दी। संभलने से पहले ही आरोपियों ने बोलेरो को आई-10 कार के गेट के सामने अड़ा दिया और कट्टे, लाठी, लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में अनुज वाजपेयी को गंभीर चोटें आर्इं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
फायरिंग का बदला लेने कराया था हमला
मामले में मृतक के भाई और घायल शिवम वाजपेयी उर्फ सुक्खा ने आरोप लगाया कि जीतू गुर्जर और भोलू घुरैया शराब ठेकेदार लल्ला शिवहरे की कंपनी में काम करते हैं। आरोप है कि कंपनी के मैनेजर योगेश शिवहरे ने 23 जुलाई को सुक्खा द्वारा की गई फायरिंग का बदला लेने के लिए हमला कराया। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग सुक्खा ने शराब ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा उसकी मां को गाली देने के विवाद के बाद की थी। इसके बाद तीन दिन पहले ही सुक्खा जेल से बाहर आया था।
कौन है शराब कंपनी का मैनेजर योगेश
शहर में लीकर किंग के नाम से पहचाने जाने वाले शराब ठेकेदार लल्ला शिवहरे की कंपनी में मैनेजर योगेश शिवहरे, इंदरगंज निवासी हरिशंकर शिवहरे का पुत्र है। वह रिश्ते में लल्ला शिवहरे का भांजा बताया जाता है। 1 मई से योगेश ने गोला का मंदिर ठेके की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से ही सुक्खा और उसके भाइयों से उसका विवाद चल रहा था।
पुरानी रंजिश के चलते की हत्या
शराब कारोबार से जुड़े इस हत्याकांड की शुरुआत करीब दो महीने पहले हुए विवाद से बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अवैध शराब बेचने वाले सुक्खा ने मैनेजर योगेश से डील खत्म कर दी थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। जुलाई में हुए विवाद के बाद सुक्खा ने फायरिंग की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दो आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस के अनुसार, जानलेवा हमले और हत्या से जुड़े मामले में जीतू गुर्जर और योगेश शिवहरे को हिरासत में लिया गया है। उनसे अन्य फरार आरोपियों और हत्याकांड से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है। ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि शराब कंपनी की दबिश टीम ने युवकों पर जानलेवा हमला किया था। मामले में एक युवक की मौत हुई है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।












