गुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ, मंत्री खुशवंत साहब के हैं बड़े भाई

रायपुर: छत्तीसगढ़ की सियासत में गुरु परिवार को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के बड़े बेटे और मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में उनका कांग्रेस में स्वागत किया गया।
कांग्रेस में शामिल हुए ढाल दास
छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को एक ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जिसने प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब के बड़े बेटे ढाल दास साहेब ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ समेत देशभर में आज बैंक बंद,5 दिन वर्किंग की मांग पर बैंककर्मी ने किया प्रदर्शन
भूपेश बघेल ने पहनाया कांग्रेस का गमछा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास पर आयोजित कार्यक्रम में ढाल दास कांग्रेस में शामिल हुए। इस दौरान भूपेश बघेल ने उन्हें कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। ढाल दास के कांग्रेस प्रवेश के बाद इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मंत्री खुशवंत साहब के हैं बड़े भाई
ढाल दास का कांग्रेस में जाना इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके छोटे भाई गुरु खुशवंत साहब छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में एक ही प्रभावशाली गुरु परिवार के दो प्रमुख सदस्यों की अलग-अलग राजनीतिक राहों ने प्रदेश की सियासत को नया मुद्दा दे दिया है।
ये भी पढ़ें: केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का छत्तीसगढ़ दौरा आज, PM आवास के लाभार्थियों को सौंपेंगे घर की चाबी
गुरु परिवार का सतनामी समाज में प्रभाव
गुरु बालदास साहेब का सतनामी समाज में महत्वपूर्ण प्रभाव माना जाता है। उनका परिवार बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा और भंडारपुरी धाम से जुड़ा हुआ है। सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में गुरु परिवार की सक्रिय भूमिका के चलते इस परिवार को सतनामी समाज में विशेष स्थान प्राप्त है।
चार बेटे और एक बेटी
गुरु बालदास साहेब के चार बेटे बताए जाते हैं—ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास। इसके अलावा उनकी एक बेटी भी है। चारों भाइयों में ढाल दास सबसे बड़े हैं।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में हनुमान अंश हुई Tax Free,CM साय ने परिवार संग देखी फिल्म,राज्यपाल और रमन सिंह भी पहुंचे
गुरु परिवार में ढाल दास की भूमिका
ढाल दास साहेब को गुरु परिवार में ज्येष्ठ भ्राता यानी बड़े भाई के रूप में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय उपस्थिति रहती है। सतनामी समाज के प्रमुख धार्मिक केंद्रों से जुड़े आयोजनों में भी वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नजर आते रहे हैं।
अब राजनीति में बढ़ेगी चर्चा
ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक विश्लेषण का केंद्र गुरु परिवार भी बन गया है। एक तरफ जहां उनके भाई खुशवंत साहब भाजपा सरकार में मंत्री हैं, वहीं बड़े भाई ढाल दास का कांग्रेस के साथ जाना आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में किस तरह का असर डालता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें: दंतेवाड़ा CISF कैंप में राइफल की सफाई के दौरान हुई फायरिंग,हेड कॉन्स्टेबल की मौत
कांग्रेस को कितना मिलेगा राजनीतिक फायदा?
सतनामी समाज में गुरु परिवार की सामाजिक पकड़ को देखते हुए ढाल दास का कांग्रेस में प्रवेश पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि इसका वास्तविक राजनीतिक असर आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा।




















