Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना:युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार, फंदे से लटका मिला था शव

गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र में पेड़ पर युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आए साक्ष्यों और मृतक द्वारा भेजे गए ऑडियो मैसेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में आरोपी गिरफ्तार, फंदे से लटका मिला था शव
AI GENERATED IMAGE

गुना। यह मामला 3 मई को सकतपुर गांव में पेड़ पर युवक का शव मिलने से जुड़ा है। जांच के दौरान पता चला कि शादी समारोह में हुए विवाद के बाद मृतक को जान से मारने की धमकी दी गई थी। आत्महत्या से पहले मृतक ने अपनी पत्नी को ऑडियो मैसेज भी भेजा था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

बारात में आया था युवक

मामला 3 मई का है। अशोकनगर के कबीरा रोड पूजा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय राहुल प्रजापति 2 मई की शाम कार से बारात में शामिल होने गुना आया था। देर रात उसने परिवार वालों को मैसेज कर बताया कि कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया है। जानकारी के अनुसार शादी समारोह के दौरान उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में गुना पहुंच गए।

ये भी पढ़ें: करौंदी गांव से निकली टेक क्रांति की कहानी! गांव के कमरे में बनी AI लैब, डिण्डौरी के युवा ने तैयार किया हिंदी-अंग्रेजी बोलने वाला ह्यूमनॉइड रोबोट

पेड़ पर फंदे से लटका मिला था शव

रविवार सुबह कैंट थाना पुलिस को सूचना मिली कि सकतपुर गांव में एक नीम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। युवक दो तौलियों से बने फंदे के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और परिजनों को घटना की सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

Breaking News

ऑडियो मैसेज से खुला पूरा मामला

मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि 2 मई की रात शादी समारोह में मृतक राहुल प्रजापति का अशोकनगर निवासी जगदीश पाल से विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने राहुल को जान से मारने की धमकी दी थी। आत्महत्या से पहले राहुल ने अपनी पत्नी के मोबाइल पर एक ऑडियो मैसेज भेजा था। जांच में इस ऑडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना गया, जिसके आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस : कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी बोले-दोषी चाहे कितना भी बड़ा हो, उसे सख्त सजा मिले'

एसपी के निर्देश पर शुरू हुई आरोपी की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी सीएसपी आनंद राय के नेतृत्व में कैंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव और उनकी टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी तक पुलिस पहुंचने में सफल रही।

अशोकनगर से गिरफ्तार कर आरोपी को भेजा गया जेल

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी जगदीश पुत्र अशोक पाल, उम्र 40 वर्ष, निवासी कबीरा रोड, अशोकनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts