गुना पुलिस लाइन में सजा गरबा का रंग, महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के परिजन भक्तिगीतों पर देर रात तक थिरके

गुना। नवरात्रि के पावन अवसर पर गुना पुलिस लाइन में गुरुवार, 15 अक्टूबर को भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा, भक्ति गीतों और मनमोहक गरबा प्रस्तुतियों से पुलिस लाइन परिसर उत्सव के रंगों में सराबोर हो गया। पुलिस, न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र की महिला अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों तथा पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण, मानसिक तनाव कम करने तथा आपसी सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसपी हितिका वासल ने दीप प्रज्वलित कर किया। मां दुर्गा की स्तुति के बाद गरबा महोत्सव की शुरुआत हुई। धार्मिक भजनों की धुन पर प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
न्यायिक और प्रशासनिक क्षेत्र की महिला अधिकारियों ने की सहभागिता
गरबा महोत्सव में एडीजे (पॉक्सो) सोनाली शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट वंदना त्रिपाठी, न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋतुश्री गुप्ता, कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की पत्नी मधु कन्याल, एसडीएम गुना शिवानी पाण्डे, एसडीएम आरोन सुश्री मंजुषा खत्री, सीएसपी गुना सुश्री सैफा हाशमी, एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे तथा रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चियों ने भाग लिया।
पूजा उपाध्याय ने जीता प्रथम पुरस्कार
गरबा महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। गरबा प्रस्तुति में रक्षित निरीक्षक पूजा उपाध्याय ने प्रथम स्थान, महिला आरक्षक सरिता सिंह ने द्वितीय तथा महिला आरक्षक निशा अहिरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, उत्कृष्ट पारंपरिक वेशभूषा के लिए उपनिरीक्षक चंचल तिवारी एवं पुलिस परिवार की गृहिणी हेमा धाकड़ को सम्मानित किया गया। बच्चियों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए बंशिका रावत को पुरस्कृत किया गया।

पुलिस परिवार के कल्याण की सराहनीय पहल
गुना पुलिस द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच उन्हें मानसिक सुकून प्रदान करना और परिवारों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाना रहा। पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे मनोरंजन, सकारात्मक ऊर्जा और आपसी संवाद का बेहतर माध्यम बताया। उन्होंने इस पहल के लिए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम की आयोजक रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय के प्रति आभार व्यक्त किया। गुना पुलिस का यह आयोजन कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के साथ पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण, खुशियों तथा सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।




















