गाजियाबाद में सपा पर बरसे सीएम योगी, बोले- PDA मतलब परिवार डेवलपमेंट पार्टी

गाजियाबाद। सीएम योगी ने सपा की पिछली सरकारों पर प्रदेश में सुरक्षा, रोजगार और पहचान का संकट पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने रामलीला, कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा डबल इंजन सरकार ने विरासत और विकास का समन्वय किया है। उनके मुताबिक, अब प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बिना किसी बाधा के हो रहे हैं।
टिकटों को लेकर भी सपा पर की टिप्पणी
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपना पहला टिकट चचाजान को दिया और दूसरा टिकट पराया धन अपना की तर्ज पर मुंबई के एक धन्नासेठ को गिरवी रख दिया। उन्होंने कहा कि यही पार्टी की असलियत है और वह कहती कुछ है, जबकि करती कुछ और है।
ये भी पढ़ें: 'सत्ता का रास्ता जनादेश से निकलता है', नेहा बोरा के बयान पर सीएम योगी का पलटवार
सपा की सरकारों के कार्यकाल पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी का शिक्षा और विकास से कोसों तक कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सपा को शिक्षा का विरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश में चार बार उसकी सरकार रही और हर बार शासन के दौरान उत्तर प्रदेश के सामने संकट खड़ा हुआ।
सुरक्षा, रोजगार और पहचान के संकट का लगाया आरोप
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा की सरकारों के दौरान उत्तर प्रदेश में सुरक्षा, रोजगार और पहचान का संकट पैदा हुआ था। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश की पहचान दंगों, कर्फ्यू, लूटखसोट, खराब सड़कों और बिजली संकट के कारण बन गई थी। मुख्यमंत्री ने मौजूदा हालात का जिक्र करते हुए कहा कि आज प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बिना किसी बाधा के हो रहे हैं।
रामलीला और दुर्गा पूजा का किया जिक्र
सीएम योगी ने रामलीला का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार होती, तो दंगे, कर्फ्यू और उपद्रव का माहौल बना रहता। उन्होंने कहा कि सपा की सरकारों के समय रामलीला जैसे आयोजन संभव नहीं थे और दुर्गा पूजा के पंडाल तक नहीं लग पाते थे।
कांवड़ यात्रा में साढ़े चार करोड़ श्रद्धालुओं का दावा
मुख्यमंत्री ने सावन में होने वाली कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह यात्रा पूरे देश का ध्यान आकर्षित करती है। उनके मुताबिक, गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब साढ़े चार करोड़ कांवड़िये यात्रा करते हैं और शिवालयों में जल चढ़ाते हैं। योगी ने दावा किया कि मौजूदा सरकार में कांवड़ यात्रा के दौरान कोई समस्या, संकट या उपद्रव नहीं होता। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विरासत और विकास का बेहतर समन्वय स्थापित किया है।




















