Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Guna News : बीजी रोड स्थित वीरेंद्र नगर में नकाबपोश बदमाशों ने सूने घर को बनाया निशाना, जेवर-नकदी और कपड़ों से भरे गोदाम की बड़ी सेंधमारी

Follow on Google News
Guna News : बीजी रोड स्थित वीरेंद्र नगर में नकाबपोश बदमाशों ने सूने घर को बनाया निशाना, जेवर-नकदी और कपड़ों से भरे गोदाम की बड़ी सेंधमारी
गुना। शहर के बजरंगगढ़ रोड स्थित वीरेंद्र नगर में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात नकाशपोश चोरों ने सबसे पहले एक सूने मकान को निशाना बनाया। यहां लाखों की चोरी कर बदमाश पास ही 100 मीटर दूर बैठकर माल खंगालते रहे और फिर शराब पीने के संकेत भी मौके से मिले। वारदात को अंजाम देने के बाद यही गिरोह साईं रेजिडेंसी कॉलोनी में दाखिल हुआ, जहां उन्होंने दीवार तोडक़र प्रवेश किया और कई घरों में ताका-झांकी की। शोर मचने पर कॉलोनीवासी जागे और चोरों को खदेड़ा। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन डायल-100 एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस पूरी वारदात ने न सिर्फ पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि नागरिकों को भी असुरक्षित महसूस कराया है।

घर का ताला टूटा हुआ मिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरेंद्र नगर पारस गैलेक्सी के पास रहने वाली ममता जैन ने बताया कि रात 11 बजे तक वे अपने इसी मकान में थीं, जिसके बाद पास ही स्थित एक अन्य घर में चली गईं। सुबह जानकारी लगी कि घर का ताला टूटा हुआ है। जब भीतर जाकर देखा तो वहां रखा सारा कीमती सामान गायब था। चोर सोने की चैन, अंगूठी, पायल, बिछुए और नकदी समेट ले गए। इसके अलावा घर में ही स्थित कपड़े की गोदाम से भी बड़ी मात्रा में कपड़े चोरी हुए हैं, जिससे अनुमानित चोरी की राशि करीब 3 से 4 लाख रुपए के बीच मानी जा रही है।

सामान पास ही छांटा, शराब की बोतल भी मिली

वारदात के बाद जब आसपास खोजबीन की गई तो पता चला कि चोरों ने चोरी किया गया सारा सामान पास ही 100 मीटर दूर ले जाकर वहां छांटा और कीमती सामान लेकर बाकी वहीं छोड़ दिया। घटना स्थल के पास शराब की बोतलें भी मिलीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने चोरी के दौरान शराब भी पी थी। इस पूरे घटनाक्रम से अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोर कितनी बेखौफी से वारदात को अंजाम दे रहे थे।

इसके बाद चोरों ने साईं रेजिडेंसी को बनाया निशाना

वीरेंद्र नगर की वारदात के बाद यही गिरोह देर रात करीब 1:30 बजे साईं रेजिडेंसी कॉलोनी में दाखिल हुआ। यहां बदमाशों ने कॉलोनी की बाउंड्रीवाल को तोड़ा और भीतर घुसे। कॉलोनी पूरी तरह कवर्ड है, इसके बावजूद चोरों ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए कई घरों की रेकी की। प्रदीप पांडे, सिद्धांत अग्रवाल और सुनील शर्मा के घरों को टारगेट किया गया। सुनील शर्मा के घर में जब बदमाशों ने दरवाजा तोडऩे की कोशिश की, तभी खटरपटर की आवाज सुनकर वे जाग गए और शोर मचाया। शोरगुल सुनकर आसपास के रहवासी भी बाहर निकले और सभी ने मिलकर चोरों को खदेड़ा।

पुलिस आई देरी से, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

कॉलोनीवासियों ने तत्काल डायल-100 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस बीच चोर भाग चुके थे। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कुछ संदिग्ध चेहरे जरूर कैद हुए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। लेकिन कॉलोनीवासियों की नाराजगी इस बात को लेकर है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती, तो शायद किसी आरोपी को पकड़ा भी जा सकता था। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि गुना शहर में बीते कुछ हफ्तों से इस तरह की घटनाएं आम हो चुकी हैं। कॉलोनियों में रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही, सुनसान गलियों में घूमते युवक और बढ़ती चोरी की वारदातें बताती हैं कि पुलिस की सक्रियता में भारी कमी है। ऐसे हालात में आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। (इनपुट- राजकुमार रजक)
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts