गुना में प्रसूता की जान बचाने वाले डॉ. सतीश राजपूत का सम्मान, सेवा कार्य की सराहना

गुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25वें वर्ष में प्रवेश के मौके पर सेवा और मानवता से जुड़े कार्यों को सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुना जिला अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश राजपूत को उनके सेवा कार्य के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. सतीश राजपूत ने अशोकनगर से रेफर होकर आई एक गर्भवती महिला का गुना जिला अस्पताल में ऑपरेशन किया। इस दौरान उन्होंने जच्चा और बच्चे की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जरूरतमंद परिवार की आर्थिक मदद भी की
ऑपरेशन के बाद डॉ. राजपूत ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपनी ओर से नगद राशि देकर भी मदद की। उनके इस मानवीय प्रयास की भी सराहना की गई। उनके सेवा भाव को देखते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता रमेश मालवीय और अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी देवराज मालवीय ने डॉ. सतीश राजपूत से मुलाकात कर उनका सम्मान किया।
सेवा और मानवता को बताया प्रेरणादायी
इस मौके पर कहा गया कि जरूरतमंद लोगों की मदद और मानवता के प्रति समर्पण समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. सतीश राजपूत जैसे चिकित्सकों का सेवाभाव दूसरों के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गईं। उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के साथ राष्ट्रसेवा के निरंतर संकल्प की कामना की गई।



















