इंदौर। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के फेरे लेने से ठीक पहले दूल्हे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हवालात पहुंचा दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में काम करता है। उसका पीड़िता से पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। आरोप है कि इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में बिना जानकारी दिए उज्जैन में दूसरी लड़की से शादी तय कर ली।
बताया जा रहा है कि बुधवार को आरोपी रवि बारात लेकर शादी करने पहुंचा था। इसी दौरान पीड़िता को इस बात की जानकारी मिल गई। उसने दुल्हन पक्ष को रवि के साथ अपने संबंधों के सबूत के तौर पर दोनों की साथ में खिंचवाई गई तस्वीरें भेज दीं।
तस्वीरें सामने आते ही दुल्हन पक्ष ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया और रिश्ता टूट गया। वहीं दूसरी ओर पीड़िता ने भंवरकुआं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












