गोविंदा पहुंचे हनुमान लोक जामसांवली, हनुमान चालीसा का किया पाठ; मुंबई ले गए सिंदूर और जल

छिंदवाड़ा। फिल्म अभिनेता गोविंदा मंगलवार को छिंदवाड़ा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री हनुमान मंदिर हनुमान लोक जामसांवली पहुंचे। मंदिर में पहुंचकर उन्होंने भगवान श्री हनुमान जी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना व अभिषेक किया। अभिनेता के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा वहां जुट गए। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया।
श्रद्धा के साथ किया हनुमान जी का पूजन-अभिषेक
संस्थान अध्यक्ष गोपाल शर्मा के विशेष आग्रह पर गोविंदा हनुमान लोक पहुंचे थे। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान श्री हनुमान जी की श्रीमूर्ति का पूजन-अर्चन किया और अभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान का आशीर्वाद लिया। पूजन के बाद गोविंदा श्रद्धालुओं के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ में शामिल हुए। इस दौरान मंदिर परिसर में 'जय श्रीराम' और 'जय हनुमान' के जयकारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं और युवाओं ने भी इस भक्तिमय आयोजन में हिस्सा लिया।
हनुमान लोक की भव्यता और विकास कार्यों की सराहना
दर्शन के दौरान गोविंदा ने हनुमान लोक के धार्मिक महत्व, मंदिर की भव्यता और यहां चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की सराहना की। गोविंदा ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता बल्कि इससे आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने हनुमान लोक जामसांवली की ख्याति देश-विदेश तक पहुंचने को सकारात्मक प्रयास बताया।
ये भी पढ़ें: संत कमल किशोर नागर को धमकी भरे पत्र के विरोध में हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन
भगवान का सिंदूर और जल साथ ले गए मुंबई
भगवान श्री हनुमान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए गोविंदा मंदिर से सिंदूर और जल भी श्रद्धापूर्वक अपने साथ मुंबई ले गए। उन्होंने इसे भगवान का प्रसाद बताते हुए कहा कि यह उनके लिए श्रद्धा और विश्वास से जुड़ा है।
ये भी पढ़ें: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, मेन गेट पर धरने पर बैठे परिजन
गोविंदा के साथ सेल्फी लेने को उत्साहित दिखे श्रद्धालु
गोविंदा के मंदिर पहुंचने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में भक्ति के साथ-साथ अभिनेता को देखने और उनके साथ तस्वीर लेने को लेकर भी लोगों में उत्साह रहा।




















