सोहागपुर में दवा से धान की फसल खराब होने का मामला गरमाया, 700 एकड़ फसल के निरीक्षण की मांग
सोहागपुर। विधानसभा क्षेत्र में WILSUPER (FENOXA 9.3 EC) दवा के उपयोग से धान की फसल को हुए नुकसान का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को विधायक विजयपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नर्मदापुरम पहुंचकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा को आवेदन सौंपा। सोहागपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्विनी सरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, सोहागपुर भाजपा मंडल संयोजक विजय छाबड़िया एवं नन्हू सेठ सहित अन्य लोग शामिल रहे।
700 एकड़ प्रभावित फसल का निरीक्षण कराने की मांग
भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्विनी सरोज के अनुसार प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मांग की कि क्षेत्र में दवा के उपयोग से प्रभावित लगभग 700 एकड़ धान की फसल का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। प्रभावित खेतों का पंचनामा तैयार करने के साथ ही संबंधित दवा के नमूने की अधिकृत प्रयोगशाला से गुणवत्ता जांच कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि जांच में दवा की गुणवत्ता अथवा उपयोग से फसल को नुकसान की पुष्टि होने पर संबंधित कंपनी से किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए ताकि प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
ये भी पढ़ें: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, मेन गेट पर धरने पर बैठे परिजन
कांग्रेस भी किसानों के पक्ष में सक्रिय
इस मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से भी किसानों के समर्थन में आवाज उठाई जा रही है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने प्रभावित किसानों से न्याय के लिए न्यायालयीन कार्रवाई करने की अपील की है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर ठाकुर और नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल भी किसानों के साथ इस मामले को लेकर सक्रिय हैं। पिछले करीब एक पखवाड़े से दवा के उपयोग से धान की फसल को हुए नुकसान का मामला मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है। इस संबंध में एसडीएम के समक्ष भी दवा विक्रेता और संबंधित कंपनी के विरुद्ध शिकायत की जा चुकी है।






















