Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

संत कमल किशोर नागर को धमकी भरे पत्र के विरोध में हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन

बेगमगंज में सैकड़ों की संख्या में नागरिक पंचमुखी हनुमान मंदिर पर एकत्रित होकर तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के नाम नायाब तहसीलदार को ज्ञापन दिया। रहवासियों ने संत कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र पर कार्रवाई की मांग की।
संत कमल किशोर नागर को धमकी भरे पत्र के विरोध में हिंदू समाज ने सौंपा ज्ञापन
बेगमगंज। संत कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र भेजने पर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया।

बेगमगंज। संत कमल किशोर नागर को धमकी भरा पत्र दिए जाने के विरोध में मंगलवार को श्री सियावास हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में नगर के समस्त हिंदू समाज की ओर से तहसील कार्यालय पहुंचकर माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन नायाब तहसीलदार विक्रम राजपूत को सौंपा गया। ज्ञापन में धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही संत श्री कमल किशोर नागर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की गई।

प्रशासन तत्काल संज्ञान ले

इस दौरान नगर के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में नागरिक, हिंदू समाज के प्रतिनिधि एवं समिति के पदाधिकारी तहसील कार्यालय पहुंचे। लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि संतों और धार्मिक व्यक्तित्वों को धमकी देना समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों तक पहुंचना चाहिए।

पत्र की  जांच कर स्रोत पता करें

समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के साथ उस धमकी भरे पत्र की फोटो कॉपी भी संलग्न की गई है, जिसमें राष्ट्रीय संत कमल किशोर नागर को धमकी दिए जाने का उल्लेख है। ज्ञापन में मांग की गई कि पत्र की जांच कर उसके स्रोत का पता लगाया जाए तथा धमकी देने वाले व्यक्ति या इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

सनातन संस्कृति और धर्म का संदेश देते हैं संत नागर

हिंदू समाज के लोगों ने कहा कि संत कमल किशोर नागर देशभर में धार्मिक प्रवचन के माध्यम से सनातन संस्कृति और धर्म का संदेश दे रहे हैं। ऐसे संत को धमकी दिया जाना गंभीर विषय है। प्रशासन मामले को हल्के में न लेते हुए सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए। इस अवसर पर श्री सियावास हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे। 

Anand Sharma
By Anand Sharma

Latest Posts