‘Run For Master Plan’-भोपाल के मास्टर प्लान लागू कराने को लेकर कल दौड़ेंगे शहरवासी, युवा, व्यापारी, प्रोफेशनल्स होंगे शामिल

भोपाल। राजधानी के मास्टर प्लान को लागू कराने का लेकर बुधवार 9 सितंबर को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ सुबह 07:30 बजे 11 नंबर बस स्टॉप से हबीबगंज थाने के सामने स्थित राजीव गांधी प्रतिमा तक आयोजित की जाएगी। करीब दो किलोमीटर की इस दौड़ में शहर के आम और गणमान्य नागरिकों को शामिल होने की अपील की गई है। विधायक मसूद ने दौड़ में शामिल होने के निमंत्रण में मेरा भोपाल-मेरा भविष्य, सुनियोजित भोपाल-हम सबका अधिकार नारा दिया है।
ड्राफ्ट पहले से तैयार है
भोपाल मध्य क्षेत्र के विधायक आरिफ मसूद ने मास्टर प्लान लागू करने की मांग करते हुए कहा कि उज्जैन में मास्टर प्लान लागू किया भोपाल में क्यों नहीं? उन्होंने सरकार द्वारा दी गई ‘सैद्धांतिक अनुमति’ पर सवाल उठाए। मसूद ने कहा कि मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक अनुमति का मतलब वह समझ नहीं पा रहे हैं, क्योंकि मास्टर प्लान लागू होने से पहले ड्राफ्ट तैयार कर उसे प्रकाशित करना होगा। इसके बाद दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया होगी जिसमें 05 माह का समय लग सकता है।
कमलनाथ सरकार के समय बन गया था ड्राफ्ट
विधायक मसूद ने आगे कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय तैयार किया गया मास्टर प्लान का ड्राफ्ट पहले से मौजूद है। उसे रद्द करने का आदेश भी नहीं हुआ है। ऐसे में नया ड्राफ्ट तैयार करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अनुमति की बात मामले को टालने का प्रयास है।
किसी पार्टी का झंडा नहीं होगा
दौड़ में प्रतिभागियों के हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा होगा। उन्होंने बताया कि किसी राजनीतिक दल का बैनर नहीं होगा और न ही किसी व्यक्ति के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों, डॉक्टरों, सिविल सोसाइटी, एनजीओ और आम नागरिकों से दौड़ में शामिल होने की अपील की है।




















