Gold-Silver Price Today:सोना ₹2394 सस्ता होकर ₹1.44 लाख पर पहुंचा, चांदी ₹692 टूटी; 11 दिन में ₹12 हजार सस्ता हुआ गोल्ड

सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। आज सोने के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 2,394 रुपए गिरकर 1.44 लाख रुपए पर पहुंच गई है। पिछले 11 दिनों में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 31 मई को सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था यानी अब तक गोल्ड करीब 12 हजार रुपए सस्ता हो चुका है।
चांदी में मामूली गिरावट
वहीं चांदी की कीमत में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 1 किलो चांदी का भाव आज 692 रुपए टूटकर 2.32 लाख रुपए पर पहुंच गया। हालांकि बीते कुछ दिनों में चांदी में भारी गिरावट देखने को मिली है।
ऑल टाइम हाई से ₹32 हजार सस्ता हुआ सोना
इस साल जनवरी में सोने की कीमतों ने रिकॉर्ड स्तर छू लिया था। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद बाजार में लगातार कमजोरी देखने को मिली और अब तक सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 32 हजार रुपए नीचे आ चुका है।
ये भी पढ़ें: एथेनॉल वाले पेट्रोल पर जीरो हुई एक्साइज ड्यूटी : क्या आपकी जेब पर पड़ेगा असर... क्या घटेंगे फ्यूल के दाम?
चांदी भी रिकॉर्ड हाई से भारी नीचे
चांदी की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को इसका भाव 2.30 लाख रुपए प्रति किलो था। 29 जनवरी को चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। हालांकि उसके बाद से चांदी में लगातार गिरावट जारी रही और अब 133 दिनों में इसकी कीमत करीब 1.54 लाख रुपए तक टूट चुकी है।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: निफ्टी 53 अंक गिरकर 23161 पर बंद, सेंसेक्स 150 अंक टूटा; IT और केमिकल सेक्टर में बिकवाली
क्यों गिर रहे सोने-चांदी के दाम
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक ग्लोबल स्तर पर निवेशकों की रणनीति में बदलाव, डॉलर की मजबूती और जियो-पॉलिटिकल अनिश्चितताओं की वजह से सोने-चांदी में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। कई निवेशक फिलहाल सुरक्षित निवेश की बजाय कैश होल्डिंग बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं, जिसका असर बुलियन मार्केट पर दिखाई दे रहा है।












