Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Google का अनोखा एक्सपेरिमेंट! नकली इंटरनेट पर AI सीखेगा ऑनलाइन शॉपिंग और बैंकिंग, क्या-क्या होगा खास?

Google ने Mirror Dimension नाम का नकली इंटरनेट सिस्टम तैयार किया है, जहां Gemini आधारित AI एजेंट्स को ऑनलाइन काम करने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस डिजिटल दुनिया में नकली शॉपिंग वेबसाइट, बैंकिंग डैशबोर्ड और सोशल मीडिया मौजूद हैं। जानिए यह सिस्टम कैसे काम करता है और Prompt Injection जैसे साइबर खतरों से AI को सुरक्षित रखने में कैसे मदद करेगा।
Google का अनोखा एक्सपेरिमेंट! नकली इंटरनेट पर AI सीखेगा ऑनलाइन शॉपिंग और बैंकिंग, क्या-क्या होगा खास?
न असली वेबसाइट, न असली बैंक अकाउंट! Google का Mirror Dimension क्या है, कैसे करेगा काम?

कल्पना कीजिए एक ऐसी इंटरनेट दुनिया की, जहां ऑनलाइन शॉपिंग की वेबसाइटें हों, सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो दिखाई दें और बैंकिंग से जुड़े डैशबोर्ड भी मौजूद हों। यहां आप अलग-अलग वेबसाइट खोल सकते हैं, फॉर्म भर सकते हैं और खरीदारी भी कर सकते हैं। लेकिन इस पूरी दुनिया में कुछ भी असली नहीं है। सुनने में यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म की कहानी लग सकती है, लेकिन Google ने ऐसा ही एक सिस्टम तैयार किया है। इसका नाम Mirror Dimension रखा गया है।  Google इस सिस्टम का इस्तेमाल Chrome में आने वाले Gemini आधारित AI एजेंट्स को ट्रेनिंग देने और उनकी क्षमता जांचने के लिए कर रहा है। आसान भाषा में समझें तो यह इंटरनेट की एक नकली दुनिया है, जहां AI एजेंट्स बिना किसी असली वेबसाइट या यूजर के अकाउंट को छुए ऑनलाइन काम करना सीख सकते हैं। कंपनी का मकसद है कि AI को रोजमर्रा के डिजिटल कामों में बेहतर और सुरक्षित बनाया जाए।

क्या है Google का Mirror Dimension?

Mirror Dimension को इंटरनेट की एक डिजिटल कॉपी की तरह समझ सकते हैं। इसमें असली वेबसाइटों जैसी दिखने वाली हजारों नकली वेबसाइटें बनाई गई हैं। इन पर AI एजेंट्स कई तरह के काम कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, किसी लिंक पर क्लिक करना, ऑनलाइन फॉर्म भरना, पॉडकास्ट डाउनलोड करना या किसी ऑनलाइन स्टोर से सामान खरीदने की प्रक्रिया पूरी करना। इस दौरान AI किसी वास्तविक वेबसाइट पर काम नहीं करता। उसे एक नकली वेबसाइट पर भेज दिया जाता है, जहां वह बिना किसी असली यूजर की जानकारी या बैंकिंग डिटेल्स को प्रभावित किए अपनी ट्रेनिंग पूरी कर सकता है। Google के सिक्योरिटी ब्लॉग के मुताबिक, इस व्यवस्था से AI एजेंट्स को अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने का मौका मिलता है। इससे उनकी गलतियों को पहचानना और उन्हें सुधारना भी आसान हो जाता है।

ये भी पढ़ें: मोबाइल ऐप डाउनलोड में भारत दुनिया में नंबर-1, 2025 में दर्ज हुए 25.5 अरब डाउनलोड, अमेरिका से दोगुने से ज्यादा

असली वेबसाइटों पर AI की टेस्टिंग करना क्यों मुश्किल?

AI एजेंट्स को इंटरनेट पर काम करना सिखाने के लिए बार-बार टेस्ट करना पड़ता है। लेकिन असली वेबसाइटों पर ऐसा करना आसान नहीं होता। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि वेबसाइटों का डिजाइन, फीचर और काम करने का तरीका लगातार बदलता रहता है। ऐसे में एक ही टेस्ट को बार-बार बिल्कुल उसी तरह दोहराना मुश्किल हो जाता है। दूसरी परेशानी सुरक्षा से जुड़ी है। अगर ट्रेनिंग के दौरान AI से कोई गलती हो जाए, तो किसी असली यूजर का अकाउंट, निजी जानकारी या ऑनलाइन लेन-देन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा AI की टेस्टिंग में एक समस्या Eval Awareness भी है। इसका मतलब है कि कई बार AI मॉडल को समझ आ जाता है कि उसका टेस्ट लिया जा रहा है। ऐसे में वह सामान्य तरीके से काम करने के बजाय ज्यादा सतर्क हो सकता है। Google चाहता है कि AI एजेंट टेस्टिंग के दौरान भी वैसे ही व्यवहार करें, जैसे वे असली इंटरनेट पर करते।

नकली वेबसाइटों पर कैसे काम करता है यह सिस्टम?

Mirror Dimension को एक सुरक्षित डिजिटल सैंडबॉक्स में तैयार किया गया है। इसके लिए Google ने gVisor नाम के टूल की मदद ली है। जब AI एजेंट Chrome पर किसी जानी-पहचानी वेबसाइट को खोलने की कोशिश करता है, तो सिस्टम उसे असली वेबसाइट के बजाय उसी जैसी दिखने वाली नकली साइट पर पहुंचा देता है। खास बात यह है कि Chrome के एड्रेस बार में वेबसाइट का पता सामान्य रूप से दिखाई देता है। यानी AI एजेंट को ऐसा अनुभव होता है, जैसे वह असली इंटरनेट पर काम कर रहा हो। इसके लिए Google ने अपने टेस्ट नेटवर्क में खास वेब सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किया है। इस व्यवस्था का फायदा यह है कि AI एजेंट बिना किसी वास्तविक वेबसाइट या अकाउंट को नुकसान पहुंचाए अपनी गलतियों से सीख सकता है।

AI की मदद से तैयार की गई हजारों वेबसाइटें

Mirror Dimension में हजारों वेबसाइटें तैयार करना Google के लिए एक बड़ी चुनौती थी। इतनी सारी वेबसाइटों को इंसानों से बनवाने में काफी समय और मेहनत लगती। इसलिए कंपनी ने इसके लिए AI एजेंट्स की ही मदद ली। इस प्रक्रिया में अलग-अलग AI एजेंट्स को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। कुछ एजेंट वेबसाइट का डिजाइन और प्लान तैयार करते हैं, जबकि दूसरे उसका कोड लिखते हैं। इसके बाद एक अन्य एजेंट Chrome के डेवलपर टूल्स की मदद से वेबसाइट को चेक करता है। वह वेबसाइट पर मौजूद बटन, लिंक और दूसरे फीचर्स पर क्लिक करके देखता है कि वे सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। अगर कोई गड़बड़ी मिलती है, तो उसे ठीक किया जाता है। इस तरह ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर, रेसिपी वेबसाइट, लोकल मार्केटप्लेस और बैंकिंग डैशबोर्ड जैसी कई नकली वेबसाइटें तैयार की गई हैं।

Prompt Injection जैसे साइबर हमलों से भी बचाव

Google का यह सिस्टम सिर्फ AI को ऑनलाइन काम सिखाने तक सीमित नहीं है। कंपनी इसका इस्तेमाल Prompt Injection जैसे साइबर खतरों से निपटने के लिए भी कर रही है। Prompt Injection एक ऐसी तकनीक है, जिसमें किसी वेबसाइट के टेक्स्ट, तस्वीर या दूसरी सामग्री में छिपे निर्देशों के जरिए AI एजेंट को गलत काम करने के लिए गुमराह किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, कोई वेबसाइट AI को ऐसे निर्देश दे सकती है, जो यूजर की मर्जी के खिलाफ हों। Mirror Dimension में ऐसे खतरों के अलग-अलग उदाहरण तैयार करके AI एजेंट्स की जांच की जा सकती है। Google के मुताबिक, इस सिस्टम की मदद से एक सिक्योरिटी इंजीनियर हर दिन 1,000 से ज्यादा टेस्ट तैयार कर सकता है। यह इंसानों के मुकाबले 30 गुना से भी ज्यादा काम है।

AI कब खुद काम करे और कब मांगे परमिशन?

Google इस सिस्टम के जरिए AI एजेंट्स को यह भी सिखाना चाहता है कि कौन-सा काम वे खुद कर सकते हैं और किस काम के लिए यूजर की मंजूरी लेना जरूरी है। ऑनलाइन शॉपिंग, बैंकिंग और दूसरी डिजिटल सेवाओं में यह बात काफी अहम है। कंपनी का लक्ष्य ऐसे AI एजेंट तैयार करना है, जो यूजर के निर्देशों को समझकर काम करें और किसी वेबसाइट पर मौजूद गलत या छिपे निर्देशों के बहकावे में न आएं। आने वाले समय में Google Mirror Dimension को और बेहतर बनाने पर काम करेगा, ताकि AI एजेंट्स की सुरक्षा और उनकी काम करने की क्षमता को ज्यादा अच्छी तरह परखा जा सके।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts