सिवनी: गणेशगंज की हर घर तिरंगा रैली पर उठे सवाल, 500 से ज्यादा छात्र लेकिन हाथों में दिखे महज 8 से 10 तिरंगे

सिवनी। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी के तहत गणेशगंज के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांव में तिरंगा रैली निकाली। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की मौजूदगी के बावजूद हाथों में तिरंगे नजर नहीं आने से आयोजन की तैयारियों और उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब सवाल है कि क्या जिला प्रशासन इस मामले को संज्ञान में लेकर वस्तुस्थिति की जांच करेगा।
500 से ज्यादा विद्यार्थी हुए शामिल
लखनादौन तहसील के अंतर्गत ग्राम गणेशगंज स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों द्वारा गांव में तिरंगा रैली निकाली गई। बताया जा रहा है कि रैली में करीब 500 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थे। रैली का आयोजन हर घर तिरंगा अभियान के तहत किया गया था। इसका उद्देश्य देशभक्ति और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
भोपाल: नर्सिंग छात्रों का उग्र प्रदर्शन, बिल्डिंग पर चढ़े तीन छात्र; रिजल्ट और परीक्षा कराने की मांग
हाथों में महज 8–10 तिरंगे नजर आए
रैली के दौरान सामने आई तस्वीरों ने आयोजन की तैयारियों पर कई सवाल खड़े कर दिए। इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने के बावजूद उनके हाथों में महज 8 से 10 तिरंगे ही नजर आए। वहीं, कुछ छात्राएं देशभक्ति के नारे लगाती दिखाई दीं, जबकि कई छात्र हंसी-मजाक और बातचीत करते हुए रैली में आगे बढ़ते नजर आए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब यह रैली हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित की गई थी, तो क्या प्रत्येक विद्यार्थी के हाथ में तिरंगा उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं की जा सकती थी।
तैयारियों और आयोजन को लेकर उठे सवाल
रैली का मार्गदर्शन विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षकों द्वारा किया गया। बावजूद इसके विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से देशभक्ति के नारे लगाने और हाथों में तिरंगा लेकर अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयार किए जाने की कमी दिखाई दी। यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या विद्यार्थियों को रैली से पहले देशभक्ति के नारों और राष्ट्रध्वज के सम्मान को लेकर आवश्यक जानकारी और अभ्यास कराया गया था। रैली की तस्वीरों के सामने आने के बाद अब आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
हरदा में छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज, NSUI ने कॉलेज में किया प्रदर्शन
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैली का आयोजन
सूत्रों के अनुसार, रैली के आयोजन की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य नागरिकों को भी नहीं दी गई। यही वजह है कि अब गणेशगंज की यह तिरंगा रैली औपचारिकता तक सीमित रहने को लेकर चर्चाओं में है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ संचालित किया जा रहा है और सिवनी जिले में भी जिला कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार अलग-अलग कस्बों और गांवों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। अब देखना होगा कि गणेशगंज की इस तिरंगा रैली को लेकर जिला कलेक्टर नेहा मीना क्या संज्ञान लेती हैं और यदि लापरवाही सामने आती है, तो क्या कार्रवाई की जाती है।












