Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वाहन किराए पर लगाने का झांसा देकर 2.5 करोड़ की धोखाधड़ी, नरसिंहगढ़ पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 28 वाहन बरामद

Follow on Google News
वाहन किराए पर लगाने का झांसा देकर 2.5 करोड़ की धोखाधड़ी, नरसिंहगढ़ पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 28 वाहन बरामद
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नरसिंहगढ़। राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़े वाहन ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी भोले-भाले वाहन मालिकों को किराए पर गाड़ी लगाने का झांसा देकर उनके वाहन ले लेते थे और फिर उन्हें गिरवी रखकर पैसे वसूलते थे। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से कुल 28 वाहन (19 कार और 9 ट्रैक्टर) जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए है।

    आरोपी कई जिलों में फैला चुके थे अपना जाल

    राजगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस संगठित अपराध में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी प्रदेश के कई जिलों में अपना जाल फैला चुके थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शैलेन्द्र सिंह राजपूत (27 ) निवासी ग्राम सिंदोड़ा, थाना नजीराबाद, जिला भोपाल और आदिल ताई निवासी नरसिंहगढ़, जिला राजगढ़ शामिल हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

    Twitter Post

    ऐसे हुआ ठगी का खुलासा

    दरअसल, 4 जून 2025 को फरियादी कपिल जायसवाल निवासी सूरजपोल, नरसिंहगढ़ और उनके मित्र चेतन गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी शैलेन्द्र सिंह राजपूत ने उनकी कारें MP04CW3709 और MP04EC5664 किसी कंपनी में किराए पर लगाने के नाम पर ली थीं। बाद में न तो कोई भुगतान किया गया और न ही कारें लौटाई गईं।
    इसके अलावा दो अन्य फरियादियों विनोद कुशवाह और आशीष मेहरा ने भी इसी तरह की शिकायतें दर्ज कराईं, जिस पर अपराध क्रमांक 404/2025 और 405/2025 के तहत धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस पंजीबद्ध किया गया।

    लग्जरी लाइफस्टाइल के नाम पर रचता था जाल

    पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी शैलेन्द्र सिंह राजपूत लोगों को अपनी रौबदार लाइफस्टाइल से प्रभावित कर उनसे गाड़ियां किराए पर लगवाने का झांसा देता था। वह दावा करता था कि महीने के हजारों रुपए किराए के तौर पर देगा। लेकिन वाहन हासिल करने के बाद उन्हें अलग-अलग जगहों पर गिरवी रखकर मोटी रकम वसूलता था और फिर फरार हो जाता था।

    प्रदेश के कई जिलों तक फैला है नेटवर्क

    शैलेन्द्र सिंह और आदिल ताई मिलकर इस ठगी के जाल को प्रदेश के कई जिलों तक फैला चुके थे। नरसिंहगढ़ पुलिस की टीम ने जब इनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो इनके कब्जे से कुल 28 वाहन बरामद किए गए, जिनमें 19 कारें और 9 ट्रैक्टर शामिल हैं। सभी वाहन अलग-अलग स्थानों से जब्त किए गए हैं। पुलिस रिमांड पर लिए गए इन आरोपियों से पूछताछ अभी जारी है और अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

    आगे और खुलासे की संभावना

    एसपी अमित तोलानी ने बताया कि यह एक संगठित अपराध है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं। पुलिस टीम पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और जल्द ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में नरसिंहगढ़ थाना प्रभारी और उनकी टीम की सक्रियता और सतर्कता की प्रशंसा की गई है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts