Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मुख्यमंत्री के नए प्रमुख सचिव के लिए चार नाम चर्चा में, उप सचिव भी बदलेंगे

Follow on Google News
मुख्यमंत्री के नए प्रमुख सचिव के लिए चार नाम चर्चा में, उप सचिव भी बदलेंगे
भोपाल। प्रदेश में नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यभार संभालने के साथ ही मंत्रालय और सीएम सचिवालय में पदस्थ आला अफसरों में बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो गई। इसमें सीएम के मुख्य सचिव को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं। वर्तमान पीएस मनीष रस्तोगी सीएम सचिवालय में तीन साल से अधिक समय से पदस्थ हैं। मुख्यमंत्री के नए प्रमुख सचिव के तौर पर उमाकांत उमराव का नाम सामने आया है। उमराव ने देवास कलेक्टर रहते पानी के लिए बड़ा काम किया था। इसके साथ ही जिस विभाग में रहे हैं, उसमें कई नवाचार करते हुए विभाग को अलग स्थान दिलाया। इनके साथ प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन नीरज मंडलोई का नाम भी चल रहा है। मंडलोई मालवा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने भारत सरकार में पदस्थ रहते स्वच्छता को लेकर मध्यप्रदेश को प्रमुख स्थान दिलाने में महती भूमिका निभाई थी। तीसरा नाम पीएस राघवेंद्र सिंह का है। चौथा नाम पीआरसी संदीप यादव का सामने आया है। दरअसल, संदीप यादव जनवरी में प्रमुख सचिव पद पर प्रमोट हो जाएंगे। वे उज्जैन संभाग के आयुक्त रहे हैं और उनकी कार्यप्रणाली से सीएम यादव वाकिफ हैं।

एसीएस सुलेमान को स्वास्थ्य में तीन साल हुए :

इधर, अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान स्वास्थ्य सेवाएं में मई 20 से, विनोद कुमार जीएडी में मई 20, जेएन कांसोटिया वन में अक्टूबर 22, अजीत केसरी वित्त में अक्टूबर 20 और अशोक वर्णवाल अक्टूबर 22 से कृषि विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

नीरज वशिष्ठ की जगह नए उप सचिव की भी तलाश

शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री रहते उनके उप सचिव के तौर पर नीरज वशिष्ठ पदस्थ थे। अब नए सीएम के लिए नए उप सचिव की तलाश है। चर्चा है कि उच्च शिक्षा मंत्री रहते डॉ.यादव के ओएसडी पीएन यादव को ही सीएम का उप सचिव बनाया जा सकता है। इस उम्मीद पर कई आईएएस यादव से संपर्क भी करने लगे हैं। उधर, स्कूल शिक्षा विभाग में करीब पांच साल से पदस्थ रश्मि अरुण शमी हैं। शमी समेत ऐसे अन्य अफसरों को भी बदले जाने की सुगबुगाहट है।

प्रदेश के एक दर्जन कलेक्टर भी बदले जा सकते हैं

प्रशासनिक फेरबदल में एक दर्जन जिलों के कलेक्टर और 3 संभाग आयुक्त बदले जाने की खबर है। कलेक्टरों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, छतरपुर, बैतूल, खरगोन, श्योपुर, झाबुआ, बालाघाट, धार, छिंदवाड़ा, हरदा हैं। उन कलेक्टरों को पहले बदला जाएगा जिन्हें एक ही स्थान पर दो साल से ज्यादा वक्त हो गया है। उल्लेखनीय है कि 2014 बैच के कई आईएएस अभी कलेक्टर बनने के इंतजार में हैं। वहीं शहडोल और चंबल संभाग में आयुक्त की नई नियुक्ति की जाना है। उज्जैन कमिश्नर भी बदले जा सकते हैं।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts