PlayBreaking News

रायसेन में जमीनी विवाद में गोलीबारी, युवक की मौत, 5 घायल, टीआई लाइन अटैच

कलेक्टर ने आरोपी पक्ष और गांव वालों के भी बंदूकों के लाइसेंस सस्पेंड करने के निर्देश दिए
Follow on Google News
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन में जमीनी विवाद में गोलीबारी हो गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक को भोपाल रेफर किया। आरोपियों ने पहले छत से पड़ोसी परिवार पर गोली चलाई। इसके बाद उसके आंगन तक पहुंच गए और फायरिंग की। पुलिस ने मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसपी ने प्रथम दृष्टया थाना पुलिस की लापरवाही पाए जाने पर टीआई जगदीश सिंह सिद्धू को लाइन अटैच कर दिया है। जिले के पठारी गांव में बुधवार सुबह सड़क की जमीन को लेकर पड़ोस में रहने वाले दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोपी पक्ष रघुवीर यादव, रणवीर यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें राजमोहन यादव (35 साल) की मौके पर मौत हो गई। जबकि राजमोहन के भाई समेत परिवार के 6 लोग घायल हो गए। परिजन का कहना था कि राजमोहन का घर आरोपी पक्ष के मकान के ठीक बगल में है। कुछ महीने पहले आरोपी पक्ष ने राजमोहन के घर के पास पत्थर काटने का प्लांट लगा दिया। इससे 10 फीट की रोड करीब बंद-सी हो गई।

सड़क बंद होने से आने-जाने का रास्ता बंद हो गया था

राजमोहन के परिवार का यहां से आना-जाना था। सड़क बंद होने से परेशानी बढ़ गई। उन्होंने आरोपी पक्ष से बात की तो वे विवाद करने लगे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस-प्रशासन से शिकायत की। ये विवाद करीब तीन महीने से चला आ रहा था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी पक्ष ने गोली चलाना शुरू कर दी। रणवीर और रघुवीर ने पहले छत से गोलीबारी की। इसके बाद नीचे आकर फायर करते हुए राजवीर के आंगन में पहुंच गए। परिजन का कहना था कि मौके पर पुलिस पहुंची तो दूर खड़े होकर तमाशबीन बनी देखती रही।

परिजन ने अस्पताल में हंगामा किया

घटना से नाराज परिजन ने पहले जिला अस्पताल में हंगामा किया और टीआई को हटाने की मांग की। इसके बाद सागर तिराहे को जाम कर दिया। एसपी के सामने भी उन्होंने टीआई के कारण ही परिवार के सदस्य की मौत का आरोप लगाया। मामले में एसपी मोनिका शुक्ला कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कलेक्टर ने ये कार्रवाई करने के आदेश दिए
मामले में प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। नायब तहसीलदार को हटा दिया है। पटवारी को सस्पेंड कर दिया है। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने आरोपियों के बंदूकों के लाइसेंस निरस्त कर जब्त किए जाने को कहा। इसके अलावा, सभी गांव वालों के भी लाइसेंस सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। आरोपियों के घर से वाहन, जेसीबी समेत अन्य सामग्री जब्त करने के आदेश दिए।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts