दमोह में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ FIR, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह की कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल कुंडलपुर को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हिंदूवादी संगठनों द्वारा एसपी को इस मामले को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद कल रात कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ धारा 153 ए,177,505 (2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
क्या है मामला ?
पुलिस के अनुसार, एफआईआर में दर्ज है कि शंभू विश्वकर्मा जिला संयोजक विहिप के शिकायत आवेदन अनुसार कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव कांग्रेस दिग्विजय द्वारा 27 अगस्त को सुबह अपने ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया था, जिसमें कहा गया था कि आचार्य श्री विधासागर महाराज द्वारा पल्लवित देश के सबसे भव्य मंदिरों में से एक श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र कुंडलपुर परिसर में कल रात्रि से बजरंग दल के कथित असामाजिक तत्वों द्वारा शिवजी की पिडी रख उत्पात शुरू कर चुके हैं स्थिति कभी भी गंभीर मोड ले सकती है।





















